राजस्थान के अलवर जिले में बाजार में 2 पक्षों के बीच विवाद में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई. यह पूरा विवाद युवती से छेड़खानी करने के आरोप के बाद हुआ है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

पुलिस कांस्टेबल को भीड़ ने पीटा
राजस्थान के अलवर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां गोविंदगढ़ कस्बे में ईद की खरीददारी के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक इस दौरान छेड़खानी के विरोध में 2 पक्ष आमने-सामने आ गए. यह विवाद देखते ही देखते काफी बढ़ गया, इस दौरान बीच बचाव करने के लिए पहुंचे एक पुलिस कांस्टेबल को भीड़ ने पीट दिया.
युवती से छेड़खानी का आरोप
जानकारी के मुताबिक बाजार में खरीदारी के दौरान एक युवती से छेड़छाड़ करने के लिए कुछ युवकों पर आरोप लगा. इस दौरान युवती के भाई ने इसका विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने पुलिस कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
ASI खड़े देखते रहे कांस्टेबल की पिटाई
आपको बता दें कि इस दौरान मौके पर मौजूद ASI खड़े होकर तमाशा देखते रहे. लोगों के मुताबिक यह घटना पुलिस थाने से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हो रही थी. थाना पास में होने के बाद भी काफी देर तक हड़कंप मचा रहा. इस घटना में 2 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है, जिनकी पहचान अलवर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सद्दाम खान और युवती के भाई के रूप में की गई है.
आरोपियों की हो रह पहचान
इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है, जिसमें पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है. इस मामले में वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस ने बताया कि पहचान करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
यह भी पढ़ें- झांसी में तेज रफ्तार का कहर! सड़क किनारे चल रहे युवक स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर; मौके पर हुई मौत
