राजस्थान के सवाई माधोपुर में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी लोगों से उनकी साली बनकर बात करता था और ठगी को अंजाम देता था.

सोशल मीडिया से जानकारी लेकर ठगी
राजस्थान के सवाई माधोपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए हैं. यहां एक व्यक्ति बेहद अनोखे तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दिया करता था. आरोपी सोशल मीडिया पर लोगों की सगाई और पारिवारिक पोस्ट खंगालकर अपने निशाने पर लेता था. आरोपी जानकारी इकट्ठा करके ठगी को अंजाम देता था. बताया जा रहा है कि आरोपी लड़की की आवाज में बात करता था.
‘जीजा जी मैं आपकी साली’
जानकारी के मुताबिक आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम से लोगों के रिश्तेदारों की जानकारी को इकट्ठा करके लड़की की आवाज में बात करता था. आरोपी खुद को व्यक्ति की साली बताता था और लोगों को झांसे में लेता था. ठग लड़की की आवाज में कहता था कि जीजा जी, मैं आपकी साली बोल रही हूं. इसके बाद आरोपी मीठी-मीठी बातें व्यक्ति से अपने अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करवाता था.
SP ऑफिस से मिली थी जानकारी
मामले में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मीणा ने बताया कि 2 अप्रैल को एसपी ऑफिस से कुछ संदिग्ध म्यूल बैंक अकाउंट की जानकारी मिली थी. जिसके बाद जब जांच शुरू की गई, तो मामले में ठगी से जुड़ी हुई 10 शिकायतें दर्ज मिली थीं. जिसके आधार पर 27 अप्रैल को कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले में जांच के दौरान आरोपी नरेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया था.
दूसरा आरोपी भी हुआ गिरफ्तार
मामले में दूसरा आरोपी तब से लेकर फरार चल रहा था. पुलिस टीम ने लंबी तलाशी के बाद अब दूसरे मुख्य आरोपी गणेश उर्फ दिलखुश को बारां जिले से गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सोशल मीडिया से लोगों की सगाई और शादी से जुड़ी हुई जानकारी को इकट्ठा करता था. जिसके बाद आरोपी मीठी बातें करता था और ठगी को अंजाम देता था.
यह भी पढे़ं- छेड़खानी के आरोप में हुआ विवाद! बाजार में पुलिस कांस्टेबल की पिटाई; पास में खड़े रहे ASI
