मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के चकफाजलपुर गांव में एक युवक ने अपने मोबाइल का कैमरा ऑन कर लाइव सुसाइड कर लिया. युवक ने सुसाइड से पहले 40 सेकंड का एक बयान रिकॉर्ड किया और फिर कैमरे के सामने ही पिता की लाइसेंसी बंदूक से अपने सिर में गोली मार ली। यह पूरी घटना कमरे में मौजूद उसकी 5 साल की मासूम भतीजी के सामने हुई।
‘जिसने दिल दुखाया, उससे हश्र में मुलाकात होगी’
मृतक युवक ने सुसाइड करने से ठीक पहले 7 मिनट 41 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया. इस वीडियो के शुरुआती 40 सेकंड में युवक रोते और बोलते हुए कह रहा है, “हेलो, मैं आपके पास सबूत छोड़कर जा रहा हूं… मुझे बहुत परेशान कर रहे हैं ये लोग. ये सब मेरी गलती है, मेरे घरवालों को परेशान ना किया जाए. लेकिन जिसने दिल दुखाया है, उससे हश्र में मुलाकात होगी इंशाअल्लाह।” इसके बाद युवक कलमा पढ़ता है और बंदूक से खुद को गोली मार लेता है.
5 साल की मासूम के सामने वारदात
मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के चक़फाज़लपुर गांव का पूरा मामला है. मृतक की मां के मुताबिक, युवक 5 दिन पहले ही पंजाब से काम करके वापस लौटा था. घटना के समय कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी और कमरे में सिर्फ उसकी 5 साल की भतीजी जगी हुई थी, जिससे वह बातें कर रहा था. अचानक गोली चलने की आवाज और बच्ची की चीख-पुकार सुनकर घर में हड़कंप मच गया. परिवार के लोगों ने आनन-फानन में कमरे की खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल हुए, जहां युवक खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था. वीडियो में गोली चलने के बाद अगले 7 मिनट तक परिजनों की चीख-पुकार की खौफनाक आवाजें रिकॉर्ड हो गईं.
पुलिस जांच में जुटी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग में प्रताड़ना और दुख से जुड़ा बताया जा रहा है. देर रात घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल की सघन जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और वीडियो के आधार पर मामले की तफ्तीश कर रही है.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में UPSC की छात्रा को बंधक बनाकर गैंगरेप करने वाला आरोपी गिरफ्तार… 18 बार सिम बदल पुलिस को दिया चकमा
