उत्तराखंड के हरिद्वार में श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस घटना में एक महिला की मौके पर मौत हो गई और 38 श्रद्धालु घायल हुए हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हरिद्वार में पलटी बस
उत्तराखंड के हरिद्वार में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां सोमवार को सुबह सप्तऋषि क्षेत्र के पास एक डंपर की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित हुई और पलट गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि इस सड़क हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई. मृत महिला राजस्थान की रहने वाली थी.
38 यात्री हुए घायल
जानकारी के मुताबिक बस में कुल 45 यात्री सवार थे और सभी लोग राजस्थान के नागौर जिले के रहने वाले थे. सभी लोग पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे और दर्शन करने के बाद वे अपने घर पर वापस लौट रहे थे. इस हादसे में एक महिला की मौत हुई है और 38 यात्री घायल हो गए हैं. जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह लगभग 7.15 बजे के आसपास हुआ है.
मौके पर पहुंची पुलिस
लोगों ने बताया कि यहां एक तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मारी, जिससे चालक का संतुलन खो गया और बस हादसे का शिकार हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना में 38 यात्री घायल हुए हैं और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कब्जे में लिया डंपर और बस
घटना में घायल हुए लोगों में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चियां शामिल हैं. वहीं हादसे में जान गंवाने वाली महिला के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रशासन अब मृत महिला के परिजनों को सूचना देने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा हुआ है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है.
यह भी पढे़ं- ‘मैं सबूत छोड़कर जा रहा हूं’…, युवक ने खुद को मारी गोली; मरने से पहले बनाया वीडियो
