उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. युवक ने मरने से पहले लगभग 7 मिनट का वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने कई बातें कही हैं.

युवक ने खुद को मारी गोली
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि युवक ने परेशान होकर खुद को घर के कमरे में बंद किया और गोली मार ली. युवक लगभग 5 दिनों पहले पंजाब से काम करके वापस लौटा था, जिसके बाद उसने रविवार को इस घटना को अंजाम दे दिया.
मरने से पहले बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से अपने सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई. युवक ने मरने से पहले 7 मिनट का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था. इस घटना के दौरान कमरे में उसकी 5 साल की भतीजी भी मौजूद थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जिसने मेरा दिल दुखाया…
युवक द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो के शुरुआती 40 सेकंड में वह रोते हुए कहता है कि सबूत छोड़कर जा रहा हूं क्योंकि मुझे काफी परेशान किया जा रहा है. वीडियो में युवक कहता है कि उसके घर वालों को तंग न किया जाए, लेकिन जिसने मेरा दिल दुखाया है, उससे हश्न में मुलाकात होगी. जिसके बाद युवक कलमा पढ़ता है और कैमरे के सामने ही खुद के गोली मार ली.
पुलिस ने जब्त की बंदूक
गोली चलने की आवाज से घर में सो रहे लोगों की नींद खुल गई और वे तुरंत ही कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए, कमरे में युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ था. इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन और पिता की लाइसेंसी बंदूक को भी जब्त कर लिया है.
यह भी पढे़ं- मॉडल टाउन में खूनी वारदात! चाकू से हमला कर युवक की हत्या; पुलिस कर रही छापेमारी
