दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में रविवार रात एक युवक की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मॉडल टाउन में चाकू से युवक की हत्या
राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में रविवार को देर रात एक युवक की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 25 साल के साहिल के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक साहिल के सीने, पीठ और गर्दन पर कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए गए होंगे.
अस्पताल प्रशासन ने दी जानकारी
इस घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच को शुरू कर दिया है. पुलिस ने बताया कि 31 मई को मॉडल टाउन थाने में विनायक अस्पताल से पीसीआर कॉल मिली थी. अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बताया कि यहां एक युवक गंभीर हालत में लाया गया है और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई.
दोस्तों और चश्मदीदों से पूछताछ
बताया जा रहा है कि मृतक साहिल बुराड़ी के तोमर कॉलोनी का रहने वाला था. पुलिस जांच के मुताबिक साहिल को उसके दोस्त शुभम और शिव अस्पताल लेकर गए थे. जांच में पुलिस ने साहिल के दोस्तों और चश्मदीदों से पूछताछ की है, जिसमें सामने आया कि यह घटना एमसीडी कॉलोनी में हुई थी. एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी का नाम आशु उर्फ लाला है और उसकी उम्र सिर्फ 18 साल है.
पुलिस कर रही छापेमारी
जानकारी के मुताबिक आरोपी लाल बाग इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपी घटना के बाद फरार हो गया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि हत्या के पीछे की वजह क्या थी.
यह भी पढ़ें- 6 आपराधिक मामलों में शामिल दबंग की हत्या! मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने मारी गोली; पुलिस कर रही जांच
