दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के बीच फायरिंग के बीच एक मासूम चपेट में आ गया. 2 पक्षों की फायरिंग के दौरान 7 साल के बच्चे के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

दिल्ली में कानून का डर खत्म
राजधानी दिल्ली में बदमाशों के बुलंद हौंसले ने कानून व्यवस्था और प्रशासन के ऊपर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के चौथा पुस्का करतार नगर मेन रोड पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की है. इस दौरान एक 7 साल का बच्चा बदमाशों का अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
ट्यूशन पढ़कर घर जा रहा था मासूम
इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. बताया जा रहा है कि 7 साल का मासूम रोज की तरह ट्यूशन पढ़कर अपने घर पर वापस लौट रहा था. बच्चा जब वापस लौट रहा था इस दौरान आपसी रंजिश के कारण 2 पक्ष आमने-सामने आ गए. जिसके बाद कुछ ही समय में गोलियां चलने लगीं. बताया जा रहा है कि कुछ ही समय में स्थिति ऐसी हो गई कि पूरा इलाका गोलियों से गूंज उठा.
बच्चे के पैर में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक इस फायरिंग के दौरान एक गोली घर वापस लौट रहे बच्चे के पैर में लग गई. गोली लगने के कारण मासूम लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मचने लगी. बच्चे को गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही उसे अस्पताल में भर्ती करवाया. अस्पताल में बच्चे का लगातार इलाज किया जा रहा है.
आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही न्यू उस्मानपुर थाना की पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करके गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढे़ं- तेज रफ्तार थार बनी कहर! सड़क पर जा रही युवती को मारी टक्कर; हवा में उछली
