दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच भी की जा रही है.

नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक युवक की चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात में यहां एक 17 साल के नाबालिग युवक की चाकू से गोदकर हत्या करके घटना को अंजाम दिया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और वारदात इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना में मरने वाले युवक की पहचान 17 साल के अभिषेक के रूप में की गई है. पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात लगभग 10.25 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस के इलाके में चाकूबाजी की घटना होने की जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. इस दौरान एक नाबालिग लड़का सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा हुआ था. जिसके बाद लड़के को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद लड़के को मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक अभिषेक के ऊपर चाकू से कई हमले किए गए थे. इस घटना को इस तरह से अंजाम दिया गया है कि युवक को संभलने का भी मौका नहीं मिला होगा. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में कुछ सुराग मिले हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. टीम आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढे़ं- दिल्ली में कानून का डर खत्म! सड़क पर चलीं सरेआम गोलियां; 7 साल के मासूम के पैर में लगी गोली
