पंजाब के अमृतसर में एक छात्रा ने स्कूल प्रशासन की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. छात्रा की स्कूल फीस बकाया थी, जिसके कारण स्कूल प्रबंधन उसके ऊपर लगातार दबाव डाल रहा था.

स्कूल प्रशासन से परेशान होकर खाया जहर
पंजाब के अमृतसर से एक हैरान कर देने वाला कांड सामने आया है. यहां स्कूल की बकाया फीस एक छात्रा की जिंदगी पर भारी पड़ गई. यहां एक छात्रा ने फीस को लेकर डाले जा रहे दबाव के कारण टूटने के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया. बताया जा रहा है कि छात्रा की स्कूल में लगभग 20 हजार रुपए की फीस बकाया थी, जिसको लेकर उसके ऊपर दबाव डाला जा रहा था.
इलाज के दौरान हुई मौत
छात्रा ने अस्पताल में रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में अपनी आपबीती सुनाई. इस दौरान छात्रा ने स्कूल के मैनेजमेंट पर भी कई आरोप लगाए हैं. बताया जा रहा है कि छात्रा ने दबाव से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निकल लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी. छात्रा को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान अस्पताल में 31 मई को उसकी मौत हो गई.
मरने से पहले बनाया वीडियो
छात्रा ने मरने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने बताया कि उसे बकाया फीस के लिए मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित किया गया. छात्रा ने बताया कि प्रिंसिपल उसे अलग-अलग कमरे में भी लेकर गई थी, जिससे वह परेशान हो गई और यह खौफनाक कदम उठा लिया. मृत छात्रा की पहचान 17 साल की अमजोत कौर के रूप में की गई है.
क्लास के ग्रुप से भी हटाया
छात्रा ने वीडियो में बताया कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया था और काफी प्रताड़ित किया गया. उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था. वीडियो में अमजोत ने कहा कि उसकी इस हालत को लेकर स्कूल प्रशासन जिम्मेदार है. मृतका के परिजनों ने बताया कि डीडीआईएस स्कूल, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा छात्रा की 20 हजार रुपए की बकाया फीस को लेकर लगातार उसके ऊपर दबाव डाल रही थी.
यह भी पढ़ें- खेत पर बुलाया, शराब पिलाई और लगाया करंट! पुलिस ने सुलझाया एक साल पुराना हत्याकांड; पत्नी ने रची थी साजिश
