बिहार के पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर भारी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. खान सर ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सुरक्षा की मांग की है.

खान सर की कोचिंग के बाहर छात्र
बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग की घटना हुई है. देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. अब हजारों की संख्या में छात्र प्रदर्शन करने पर उतर आए हैं, जिसे देखते हुए कोचिंग सेंटर के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है. आपको बता दें कि कोचिंग सेंटर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद खान सर ने सुरक्षा की गुहार लगाई है.
मुख्यमंत्री से सुरक्षा की गुहार
बिहार के मशहूर शिक्षक खान सर ने राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सुरक्षा को लेकर गुहार लगाई है. आपको बता दें कि पटना के मुसल्लापुर हाट के पास में मौजूद खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रो की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई है. छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि खान सर को सुरक्षा मिलनी चाहिए. स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कोचिंग के बाहर भारी सुरक्षा बल को तैनात किया गया है.
अभी तक की कार्रवाई से संतुष्ट- खान सर
खान सर ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने लिए सुरक्षा को लेकर अपील की है. उन्होंने कहा कि अभी तक की पुलिस कार्रवाई से हम संतुष्ट हैं, क्योंकि हमारी सुरक्षा के लिए पूरी रात यहां पर 50-60 पुलिसकर्मी मौजूद थे. अब उन्होंने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सुरक्षा को लेकर मांग की है. कोचिंग के बाहर फायरिंग का अब सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद
सीसीटीवी फुटेज में लोग कोचिंग सेंटर के सामने पथराव करते हुए दिखाई दे रहे हैं. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग गार्ड से भी मारपीट कर रहे हैं. पुलिस लगातार मामले में जांच करते हुए हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है. खान सर ने दावा किया है कि हमलावरों ने लगभग 8 से 10 राउंड फायरिंग की है साथ ही ऑफिस में भी पूरी तरह से तोड़फोड़ की है.
यह भी पढ़ें- पुलिस से बचने को हवा में उड़ाए नोट! सोनभद्र में ड्रग्स तस्करों का अनोखा तरीका; गोलीबारी के बाद एक गिरफ्तार
