Moradabad News: उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आज 4 जून को मुरादाबाद में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह (जयंत चौधरी) एक विशाल रैली को संबोधित करने पहुंच रहे हैं. पार्टी जिले में अपना जनाधार मजबूत करने और गठबंधन में हिस्सेदारी बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है. पश्चिमी यूपी के सियासी समीकरणों के लिहाज से इस रैली को बेहद अहम माना जा रहा है. रैली में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और सांसद चंदन चौहान समेत रालोद के शीर्ष नेता मंच साझा करेंगे.
मुरादाबाद में विजय संकल्प महारैली
रालोद की यह विशाल रैली मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में स्थित सनातन धर्म हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित की जा रही है. रैली का समय दोपहर 2 बजे तय किया गया है, जिसके लिए मैदान में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. जयंत चौधरी इस मंच से आगामी 2027 के चुनावों के लिए पार्टी का रोडमैप सामने रख सकते हैं.
दिग्गजों का जमावड़ा
इस मेगा रैली में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी और बिजनौर लोकसभा सीट से सांसद चंदन चौहान भी विशेष रूप से शामिल होंगे. रालोद के इन सभी दिग्गज नेताओं का एक साथ मुरादाबाद के मंच पर जुटना यह साफ संकेत दे रहा है कि पार्टी इस क्षेत्र में अपने सांगठनिक ढांचे और जनाधार को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों के किसानों और युवाओं को साधने के लिए रालोद की यह एक बड़ी और रणनीतिक रैली मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली अग्निकांड के बाद लखनऊ में अलर्ट: शहर के 290 होटलों का होगा दोबारा सुरक्षा ऑडिट, जांच के लिए बनी संयुक्त टीम
