उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक मेंथा प्लांट के टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने के कारण 2 सगे भाइयों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बदायूं में दर्दनाक हादसा
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव में मौजूद एक मेंथा प्लांट के टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने के कारण 2 सगे भाइयों की मौत हो गई है. वहीं तीसरे भाई की भी स्थिति खराब हुई है.बताया हा रहा है कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मुरादाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
2 को बचाने के लिए टैंक में गया तीसरा
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 35 साल के जयवीर यादव और 22 साल के राजेश यादव के रूप में की गई है. वहीं तीसरे भाई मनवीर यादव का इलाज लगातार जारी है. एक ही परिवार के 2 बेटों की मौतके बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जा रहा है कि मेंथा प्लांट के एक टैंक में तकनीकी काम किया जा रहा था. जिसको लेकर पहले एक भाई टैंक के अंदर गया. बताया जा रहा है कि टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण वह कुछ ही समय में बेहोश होकर गिर पड़ा. जब काफीसमय तक युवक बाहर नहीं निकला तो उसे बचाने के लिए दूसरा भाई टैंक में गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया, जिससे वह भी बेहोश ही गया.
तीनों भाई हुए बेहोश
आपको बता दें कि 2 भाइयों को अंदर फंसा देखकर तीसरे भाई मनवीर ने उनकी जान बचाने के कारण टैंक में चला गया. जिसके बाद मनवीर भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया. जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी हालत भी बिगड़ गई. इस दौरान कुछ ही मिनटों में तीनों भाई टैंक के अंदर बेहोश हो गए. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तीनों भाइयों को टैंक से बाहर निकाला और तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया, वहीं मनवीर की खराब हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: सहारा रेगिस्तान बना मौत का मैदान, 49 लोगों की दर्दनाक मौत, 50 KM पैदल चल 2 लोगों ने बचाई अपनी जान
