Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई. मां के साथ कहासुनी के बाद एक युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया और फिर पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गया. गंभीर रूप से घायल युवक को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था. घटना के बाद परिवार और सोसाइटी के लोगों में शोक का माहौल है.
कहां की है घटना
ये घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार रात की है. मूल रूप से गजरौला के रहने वाले अनिल यादव अपने परिवार के साथ श्रीराधा स्काई गार्डन सोसायटी की 18वीं मंजिल पर रहते हैं. शुक्रवार शाम अनिल के 21 साल के बेटे सागर का किसी बात को लेकर अपनी मां से झगड़ा हो गया था. आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोट आई. मां पर हमला करने के तुरंत बाद सागर फ्लैट से बाहर भागा और पांचवीं मंजिल पर आकर रेलिंग से नीचे छलांग लगा दी.
सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की मां का भी प्राथमिक उपचार कराया गया.
मानसिक रूप से परेशान था युवक
सोसायटी के लोगों ने बताया कि अनिल यादव करीब दो साल पहले गजरौला से यहां आकर रहने लगे थे और फिलहाल प्रॉपर्टी का काम करते हैं. वहीं, जान गंवाने वाले सागर के बारे में चर्चा है कि वह काफी होनहार था. उसने दो मोबाइल ऐप्लिकेशन बनाए थे, जिन्हें उसने लाखो रुपये में बेचा था.बताया जा रहा है कि सागर पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था.
पुलिस के मुताबिक सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी.
ये भी पढ़ें: Ghazipur News: कौन है गजल होटल की जमीन का असली मालिक? दो दावों के बाद मऊ विधायक अब्बास अंसारी की बढ़ीं मुश्किलें
