पटना में आज अदालत में कोचिंग संस्थानों से जुड़े मामलों में सुनवाई हुई है. इस दौरान ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की रेगुलर जमानत याचिका पर भी बहस हुई है.

पटना में कोचिंग मामले में सुनवाई
बिहार की राजधानी पटना में बीते दिनों मशहूर टीचर खान सर की कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था. जिसके बाद अब सोमवार को पटना में जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनुराग वर्मा की अदालत में कोचिंग संस्थानों से जुड़े मामलों में सुनवाई हुई है. आपको बता दें कि इस दौरान ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की रेगुलर जमानत याचिका पर भी बहस हुई है.
बॉडीगार्ड्स की जमानत पर मांगी केस डायरी
बहस के बाद अदालत ने अपने फैसले को सुरक्षित रखा है. साथ ही खान सर के ग्लोबल इंस्टीट्यूट से जुड़े मामले में गिरफ्तार किए गए 2 बॉडीगार्ड्स की जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पुलिस से केस डायरी ली है. बताया जा रहा है कि अदालत ने इस दौरान दोनों पक्षों की दलीलों को सुना है. बहस के पूरा होने के बाद अदालत ने अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया है. खान सर के बॉडीगार्ड्स के मामले में अदालत का कहना है कि इस पर फैसला लेने से पहले तथ्यों की जांच करना जरूरी है.
खान सर ने दायर की अग्रिम जमानत की याचिका
आपको बता दें कि खान सर के नाम से मशहूर फैसल खान ने अपने खिलाफ दर्ज केस में पटना सिविल कोर्ट में गिरफ्तारी के डर से अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है. अब उनकी इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होनी है. मामले में जानकारी देते हुए खान सर के वकील अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि आगे की प्रक्रिया कोर्ट के फैसले और तथ्यों के आधार पर निर्भर करेगा.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि खान सर के खिलाफ एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला दर्ज किया गया है. 2 जून के एक वीडियो में उनके बॉडीगार्ड्स गोलीबारी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. जिसके बाद वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों बॉडीगार्ड्स को हिरासत में लिया था और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. आपको बता दें कि 2 जून को खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई थी. जिसके बाद खान सर ने फायरिंग को लेकर दावा किया था. हालांकि उन्होंने अपने बयान को बाद में वापस ले लिया था. जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ और मामले में एक नया मोड़ आया है.
यह भी पढ़ें- क्लीनिक में रौब झाड़ रही थी ‘लेडी अफसर’! असली पुलिस ने बिगाड़ दिया खेल; फर्जी लेडी सिंघम गिरफ्तार
