बलिया में रवि किशन और पवन सिंह के कार्यक्रम के दौरान स्थिति बिगड़ गई. इस दौरान काफी हंगामा हुआ और पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया. घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं.

पवन सिंह और रवि किशन के कार्यक्रम में हंगामा
उत्तर प्रदेश के बलिया में बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन और भोजपुरी स्टार पवन सिंह के कार्यक्रम के दौरान काफी हंगामा हुआ है. बलिया के नगरा कस्बे में एक जन्मदिन समारोह में दोनों कलाकारों के पहुंचने के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई. कार्यक्रम के दौरान स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई कि स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्के बल का इस्तेमाल करना पड़ा.
मंच पर मौजूद रहे रवि किशन
आपको बता दें कि नगरा कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम में पवन सिंह और रवि किशन विशेष अतिथि बनकर पहुंचे थे. दोनों कलाकारों को साथ में देखकर लोग इकट्ठा हो गए और कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए. हालांकि इस दौरान रवि किशन कुछ समय बाद कार्यक्रम से रवाना हो गए, लेकिन पवन सिंह मंच पर मौजूद रहे और उन्होंने लोगों को जमकर नचाया.
पुलिस ने किया बल का प्रयोग
कार्यक्रम के दौरान लगातार भीड़ बढ़ती चली गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई. कार्यक्रम समाप्त होने के समय पर लोग मंच के पास पहुंच गए. इसी दौरान पवन सिंह को करीब से देखने पर धक्का-मुक्की शुरू हो घई. हालातों को खराब होता देख पुलिस ने तुरंत ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया. हालांकि कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ के ऊपर जमकर लाठियां बरसाईं, जिससे कई लोग घायल हो गई.
घायलों ने लगाए आरोप
हादसे में घायल हुए एक युवक ने बताया कि वह कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्वक खड़ा था, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पीटा, जिससे उसका सिर फूट गया. इस दौरान घायल हुए सचिन नाम के युवक का आरोप है कि 4 पुलिसकर्मियों ने उनके साथ में मारपीट की. इस घटना का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें लोग कुर्सियों को फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव में पार्टियों को मिला 281 करोड़! प्रचार पर हुआ सबसे ज्यादा खर्च; जानें कितना किया खर्चा
