आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पेपर लीक रोकने के उपायों को लेकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि टेलीग्राम बैन कर दिया, एयरफोर्स के विमान से पेपर पहुंच रहे हैं, यह कॉमेडी सर्कस है क्या?

अरविंद केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के ऊपर नीट पेपर लीक होने से रोकने के उपायों को लेकर हमला किया है. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले वायुसेना के विमान का इस्तेमाल करना और अब टेलीग्राम के ऊपर बैन लगाने वाला फैसला बेहद चौंकाने वाला है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक को रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपाय क्या कॉमेडी सर्कस हैं?
लोगों को हंसी आती है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने सरकार की पेपर लीक को रोकने की नियत के ऊपर सवाल खड़ा कर दिया है. उन्होंने इस दौरान कहा कि अगर पूरी व्यवस्था बदलनी है तो जनता को सड़क पर आना पड़ेगा. आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि सरकार ने पेपर लीक को रोकने के लिए टेलीग्राम को बैन कर दिया, क्या यह सुनकर लोगों को हंसी नहीं आती है?
पेपर लीक का धंधा अरबों-खरबों का
उन्होंने वीडियो में कहा कि पहले इन लोगों ने कहा कि पेपर को एयरफोर्स के विमान से पहुंचाया जाएगा और अब कह रहे हैं कि टेलीग्राम बैन कर दिया गया है. क्या इससे पेपर लीक होने से रुकेंगे. इनकी नीयत खराब लगती है. इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि पेपर लीक का धंधा अरबों-खरबों रुपयों का है. इसका पैसा टॉप तक पहुंचता है.
कहां से आ रहा पैसा?
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि अभी TMC के सांसद-विधायक खरीदे और अब महाराष्ट्र में भी खरीद रहे हैं. उन्होंने कहा कि सुना है एक-एक सांसद को 50-50 करोड़ रुपए दिए जा रहे हैं. अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान सवाल उठाया कि आखिर यह पैसा कहां से आ रहा है. उन्होंने कहा कि जब तक जनता मिलकर सड़कों पर नहीं आएगी, तब तक पेपर लीक रुकने वाला नहीं है.
यह भी पढे़ं- कंगना रनौत और PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट! सपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज; शुरू हुई जांच
