UP Terror Alert: उत्तर प्रदेश को दहलाने की एक बहुत बड़ी और खौफनाक अंतरराष्ट्रीय साजिश का यूपी एटीएस (UP ATS) ने समय रहते भंडाफोड़ कर दिया है. बुलंदशहर के अकबरपुर गांव से गिरफ्तार हुए दो संदिग्ध आतंकियों—फैजान और मोहम्मद उमर ने एटीएस की पूछताछ में जो कबूलनामा किया है, उसने देश की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. इन दोनों के तार सीधे तौर पर सरहद पार बैठे हैंडलर शहज़ाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े हुए हैं.
दिल्ली रवाना हुई एटीएस की टीम
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे गाजियाबाद के निवासी आतंकियों से पूछताछ के लिए यूपी एटीएस की टीम लखनऊ से दिल्ली रवाना हो गई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को दो आतंकियों को गिरफ्तार किया था जिन्हें पंजाब से दिल्ली तक कई स्थानों पर आतंकी वारदात करने का जिम्मा सौंपा गया था.
स्लीपर सेल पर अब एटीएस का शिकंजा
पूछताछ में सबसे सनसनीखेज खुलासा यह हुआ है कि शहज़ाद भट्टी ने उत्तर प्रदेश में एक ‘स्पेशल जिहाद टीम’ तैयार की है, जिसके स्लीपर सेल पर अब एटीएस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है. सूबे के अलग-अलग जिलों से 30 से ज्यादा संदिग्ध युवक इस वक्त एटीएस के रडार पर हैं. इस पूरे नेटवर्क को लेकर अब तक 5 अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और कुल 15 आरोपियों की कस्टडी हो चुकी है.
रेकी करने के लिए फंडिंग हुई थी पाक से
साजिश कितनी गहरी थी, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इन आतंकियों के निशाने पर यूपी के बेहद संवेदनशील सैन्य ठिकाने थे. पाकिस्तान में बैठे आका शहज़ाद भट्टी ने इन दोनों को राजधानी लखनऊ और प्रयागराज के बमरौली एयरफोर्स स्टेशन की रेकी करने का बड़ा टास्क सौंपा था. इस रेकी को अंजाम देने के लिए बकायदा 10,000 की शुरुआती फंडिंग भी पाकिस्तान से भेजी जा चुकी थी और ये दोनों बहुत जल्द इन लोकेशंस पर रेकी के लिए निकलने वाले थे.
यूपी एटीएस खंगाल रही लिंक्स
इससे पहले इन दोनों ने बुलंदशहर में कई प्रमुख स्थानों पर खूंखार आतंकी आबिद जट्ट के पोस्टर लगाए थे, जिसका वीडियो बनाकर इन्होंने अपने पाकिस्तानी आकाओं को भेजा और उसके एवज में इन्हें 12,000 का भुगतान किया गया था. फिलहाल यूपी एटीएस इस पूरे टेरर मॉड्यूल की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स खंगाल रही है. इनके बैंक खातों में आई विदेशी फंडिंग, इनके छुपे हुए संपर्क सूत्रों और उत्तर प्रदेश में सक्रिय संभावित स्लीपर सेल को पूरी तरह से न्यूट्रलाइज करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मुंबई कोर्ट का फैसला: रेप आरोपी को री-NEET एग्जाम परीक्षा देने के लिए मिली जमानत
