भारत पूरी तरीके से विकसित हो गया है. हालांकि, कई राज्यों में विकासशीलता तो देखने को मिल रही है, लेकिन मानसिकता में कोई बदलाव नहीं हुआ है. दरअसल, बिहार के मुजफ्फरपुर में एक परिवार से अपनी ही बेटी की खुशियां नहीं देखी गई. समाज के डर से अपनी ही बेटी का गला दबा दिया. बेटी की गलती सिर्फ यह थी कि उसने दूसरे जाति के व्यक्ति के संग शादी कर ली. अपने 6 साल के प्रेम प्रसंग को शादी में बदलकर साथ रहने का फैसला लिया.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, 18 जनवरी 2026 को मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय सुजाता कुमारी अपने प्रेमी गौरीशंकर के साथ भाग कर शादी कर लेती है. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ाई करते थे. सालों से एक दूसरे के साथ थे. करीब 6 साल से दोनों के बीच प्रेमसंबध था. इसी कारण से दोनों ने समस्तीपुर में जाकर शादी कर ली और हरियाणा में जाकर अपने जीवन की शुरुआत की. जाति अलग होने की वजह से दोनों ने भाग कर शादी की थी.
दोनों हरियाणा गए और इधर लड़की के परिवार वालों ने सिवाईपट्टी थाने में अपहरण करने का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने परिवार वालों की शिकायत पर 11 फरवरी को हरियाणा में छापेमारी की, जिसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया. सुजाता ने कोर्ट में कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी कर सकती है. वह गौरीशंकर के साथ ही रहना चाहती है. हालांकि, गौरीशंकर को जेल हो गई और सुजाता अपने रिश्तेदार के यहां पर रहने लगी. होली के समय में सुजाता की मां उसे अपने घर लेकर चली गई थी.
इस दौरान गौरीशंकर सुजाता से रोजाना बात करता था. हालांकि, 31 मार्च को दोनों की आखिरी बार बात हुई थी. उसके बाद उसका कुछ भी पता नहीं लगा. उसे शक हुआ कि सुजाता की हत्या की गई है. इसी कारण से उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया ओर पत्नी के दोषियों के गिरफ्तार न होने पर आत्महत्या कर लेने की बात कही. पुलिस को भी वॉट्सएप के जरिए इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई.
SSP कांतेश मिश्रा के दिशा निर्देश पर जांच टीम बनाई गई , जिसके बाद एक आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया गया. कड़ी पूछताछ में आरोपी अभिषेक ने बताया कि सुजाता ने अपनी मर्जी से दूसरी जाति के व्यक्ति से शादी की थी. परिवार को लगा कि वह वापस उसी के पास चली जाएगी. इसी वजह से 8 मई को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और गंडक नदी के किराने शव को जला दिया.
पुलिस ने एफएसएल की टीम को नदी के किनारे भेजकर सबूत जुटाने के लिए बोला. हालांकि, अभी कई आरोपी फरार चल रहे हैं. परिवार के साथ-साथ 5 लोगों की इस हत्याकांड में भूमिका देखने को मिली है. पुलिस ने बताया कि जांच सोशल मीडिया प्लेटफार्म से आए वीडिया के बाद में हुई थी. गौरीशंकर ने मायके पक्ष पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद जांच में 5 लोगों से अधिक लोग आरोपी साबित हुए. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: महंगा हुआ सोना! 24 कैरेट सोना पहुंचा ₹1.41 लाख के पार, जानें आपके शहर में क्या है इसका हाल
