पश्चिम बंगाल पुलिस ने TMC नेता जहांगीर खान की पत्नी रेजिना बीबी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उन्हें फाल्टा पुलिस स्टेशन पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तार किया है. रेजिना के ऊपर कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

जहांगीर खान की पत्नी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के फाल्टा में पुलिस ने TMC नेता जहांगीर खान की पत्नी रेजिना बीबी को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि रेजिना को जहांगीर खान को छुड़ाने की साजिश और पुलिस स्टेशन पर हमला करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है. रेजिना 3 दिन से फरार थी. पुलिस के मुताबिक रेजिना ने ही इस हमले की योजना बताई थी. रेजिना पर फाल्टा पुलिस स्टेशन पर हमला करने की कोशिश के पीछे मास्टरमाइंड होने का आरोप है.
नेपाल सीमा से हुई थी जहांगीर खान की गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि फरार चल रही रेजिना को सूचना के आधार पर दक्षिण 24 परगना जिले के जुलपिया इलाके से गिरफ्तार किया गया है. आपको बता दें कि पुलिस ने कई मामलों में आरोपी जहांगीर खान को नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था. वहीं अब इस मामले में रेजिना बीबी के गिरफ्तार होने के बाद गिरफ्तारी की संख्या 26 हो गई है. पुलिस के मुताबिक रेजिना लोगों को इकट्ठा करने और पुलिस स्टेशन पर हमले की साजिशकर्ताओं में से एक थी.
कई धाराओं में मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि हमले से एक दिन पहले रेजिना की अगुवाई में एक बैठक हुई थी, जिसमें पुलिस स्टेशन से 3 किमी दूर समर्थकों को इकट्ठा करने और व्यवस्थित तरीके से मार्च निकालने की योजना बनाई गई थी. रेजिना के ऊपर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आर्म्स एक्ट 1959 और एक्सप्लोसिव्स एक्ट 1884 की कई धाराओं ते तहत मामला दर्ज किया गया है.
शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद हुआ एक्शन
आपको बता दें कि अब पुलिस रेजिना को साउथ 24 परगना जिला अदालत में पेश करने वाली है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को फाल्टा में एक जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान चेतावनी दी थी कि सरकार गुंडागर्दी या उग्रवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया था कि पुलिस स्टेशन पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. जिसके बाद जहांगीर खान की पत्नी रेजिना को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें- भारत कोई धर्मशाला नहीं, घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे! कोल्हापुर में गरजे अमित शाह; बोले- जो यहां जन्मा, वही रहेगा
