अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में आरोपी लवकुश मिश्रा के खिलाफ बड़े एक्शन की तैयारी की जा रही है. अयोध्या विकास प्राधिकरण ने आरोपी की पत्नी को अवैध मकान निर्माण को लेकर नोटिस भेजा है. आरोपी के खिलाफ बुलडोजर एक्शन भी लिया जा सकता है.

आरोपी लवकुश के खिलाफ होगा बड़े एक्शन
अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. इस मामले में आरोपी लवकुश मिश्रा के खिलाफ अब बड़े एक्शन की तैयारी हो रही है. अयोध्या विकास प्राधिकरण ने आरोपी की पत्नी को अवैध मकान निर्माण को लेकर नोटिस भेजा है. प्राधिकरण ने आरोपी की पत्नी को उसके नाम पर बने घर के अनाधिकृत निर्माण पर नोटिस दिया है. वहीं पुलिस ने भी जांच को तेज कर दिया है.
मकान पर चल रहा निर्माण कार्य
एक रिपोर्ट के मुताबिक सोहावल तहसील के बनवरीपुर गांव में लवकुश के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है. यह जमीन आरोपी की पत्नी सुप्रिया के नाम पर खरीदी गई. बताया जा रहा है कि प्राधिकरण से जरूरी अनुमोदन लिए बिना ही यहां निर्माण किया गया है, जिसके चलते अब एक्शन की तैयारी हो रही है. सूत्रों के मुताबिक जंचकर्ताओं ने बुधवार को आरोपी लवकुश के आवास की तलाशी लेकर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है.
कई लोगों के पास से बरामद हुआ कैश
बताया जा रहा है कि जांचकर्ता इस मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि अभी तक आरोपी अविनाश के पास से ही सबसे ज्यादा कैश बरामद हुआ है. आरोपी के पास से 20.39 लाख रुपए का कैश बरामद हुआ है. वहीं आरोपी करुणेश पांडे के पास से 18.07 लाख, आरोपी लवकुश के पास से 14.25 लाख और साथ ही आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पास से 16.82 लाख रुपए का कैश बरामद हुआ है. वहीं आरोपी रमाशंकर मिश्रा के पास से 7.32 लाख रुपए और रमाशंकर उर्फ टीनू के पास से भी लगभग 1 लाख रुपए का कैश बरामद किया गया है.
चांदी और सोना के साथ अमेरिकी डॉलर
जानकारी के मुताबिक मामले की जांच के दौरान लगभग 11 ग्राम सोना और 375 ग्राम चांदी के साथ में 1121 अमेरिकी डॉलर को भी बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि इस दौरान अयोध्या के एक योग केंद्र से PAYTM के QR कोड वाला एक रामराज्य कोष लेबल वाला दान बॉक्स भी जब्त किया है. इस जगह पर आरोपी अविनाश शुक्ला लगभग 10 सालों से रह रहा था.
मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार
अब दान चोरी मामले में आरोपी लवकुश मिश्रा के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की तैयारी भी की जा रही है. आपको बता दें कि आरोपी की पत्नी के नाम पर बन रहे मकान को लेकर ADA (अयोध्या विकास प्राधिकरण) ने नोटिस दिया है. इस मामले में अभी तक मंदिर के दान-गिनती प्रक्रिया से जुड़े हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इस मामले में लगातार जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- “जो होगा सो होगा…”, मनीष तिवारी ने किया पोस्ट; पंजाब कांग्रेस में बढ़ा अंदरूनी कलह
