राम मंदिर दान चोरी मामले में अब नया खुलासा हुआ है. जांच के मुताबिक ट्रस्ट से हर दिन लगभग 6 से 8 लाख रुपए की चोरी की जा रही थी. अब इस मामले में SIT बैंक कर्मियों से पूछताछ कर रही है.

हर रोज लाखों की चोरी
अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी का मामला इन दिनों चर्चा में बना हुआ है. इस मामले में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं और लगातार जांच का दायरा बढ़ रहा है. अब अयोध्या ट्रस्ट में चोरी का मामला सामने आने के बाद बैंक खातों में जमा राशि में भी बड़ा अंतर दिखाई दिया है. बताया जा रहा है कि बैंक खातों में जमा होने वाली रकम में बड़ा अंतर आया है, जिसके आधार पर SIT को शक है कि ट्रस्ट में हर रोज लाखों रुपयों की चोरी की जा रही थी.
18 लाख से 26 लाख पहुंची रकम
जांच एजेंसी ने इस मामले में अब बैंक कर्मियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. टीम ने कई जरूरी डॉक्यूमेंट्स को अपने कब्जे में लिया है. जानकारी के मुताबिक चोरी का मामला सामने आने से पहले ट्रस्ट के SBI और PNB बैंक खातों में हर दिन लगभग 16 से 18 लाख रुपये जमा हो रहे थे, लेकिन जब चोरी की बात सामने आई तो यह रकम 24 से 26 लाख रुपए प्रतिदिन तक पहुंच गई.
टीम ने की बैंक कर्मियों से पूछताछ
बैंक खातों में इस बढ़ोतरी को देखकर जांच टीम भी हैरान हो गई है. टीम को शक है कि पहले हर दिन लगभग 6 से 8 लाख रुपए की चोरी की जा रही थी. अब टीम ने इस पूरे अंतर को अपनी जांच का हिस्सा बना लिया है. अधिकारी अब यह पता लगा रहे हैं कि पैसा कहां जा रहा था और इसमें कौन और कितने लोग शामिल थे. इस मामले में SIT ने SBI बैंक के मैनेजर समेत कुल 10 कर्मियों से पूछताछ की है.
लेनदेन के हिसाब को कब्जे में लिया
आपको बता दें कि पूछताछ के दौरान टीम ने बैंक से जुड़े हुए जरूरी डॉक्यूमेंट्स और लेनदेन के पूरे हिसाब को भी अपने कब्जे में ले लिया है. अब टीम इस मामले में बारीकी के साथ जांच कर रही है, जिससे यह साफ हो जाए कि गड़बड़ी कहां हुई और किन लोगों की मिलीभगत से यह सब हो रहा था. फिलहाल टीम इस मामले में लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- अस्पताल में भर्ती हुए एकनाथ शिंदे! उपमुख्यमंत्री की अचानक बिगड़ी तबीयत; डॉक्टर कर रहे निगरानी
