Noida Factory Fire News: नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सेक्टर 88 स्थित एक निजी कंपनी में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग की शुरुआत कंपनी के इलेक्ट्रिकल पैनल से हुई, जिसके बाद देखते ही देखते लपटों ने ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया. आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी. किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.
देर रात की घटना, सुरभि इंटरनेशनल कंपनी आई चपेट में
चीफ फायर ऑफिसर (CFO) प्रदीप कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, “हमें रात करीब 11:15 बजे सूचना मिली कि सेक्टर 88 में स्थित ‘सुरभि इंटरनेशनल’ नाम की एक प्राइवेट कंपनी में आग लग गई है।” सूचना मिलते ही बिना वक्त गंवाए दमकल की गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.
कोई हताहत नहीं, टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी के चलते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है और इसे आस-पास की अन्य इमारतों में फैलने से रोक दिया गया। चीफ फायर ऑफिसर ने स्पष्ट किया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कंपनी बंद थी. कंपनी बंद होने के कारण इमारत के अंदर कोई भी कर्मचारी या व्यक्ति फंसा नहीं था, जिसके चलते इस घटना में कोई जनहानि या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि दमकल विभाग और पुलिस की टीमें नुकसान के आकलन और आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटी हैं.
