Haridwar Accident: हरिद्वार कलियर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कांवड़ पटरी मार्ग पर बाजुहेड़ी के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.घायलों का रुड़की सिविल अस्पताल में इलाज जारी है.
दोनों बाइकों के उड़े परखच्चे
स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब दोनों बाइकें विपरीत दिशाओं से आ रही थीं. टक्कर इतनी जबरदस्त और भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. भिड़ंत होते ही दोनों बाइकों पर सवार सभी पांचों युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे. इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आस-पास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े.
घायलों की हालत नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही कलियर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को संभाला. डॉक्टरों द्वारा तीन युवकों को मृत घोषित किए जाने के बाद, पुलिस ने उनके शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
देर रात तक दुर्घटना का शिकार हुए मृतकों और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी. कलियर पुलिस उनके पास से मिले सामान और बाइकों के नंबर के आधार पर उनकी शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयासों में जुटी है, ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर हादसे की मुख्य वजह दोनों बाइकों की तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, नासिक में बादल फटने की आशंका! कई इलाकों में बिजली गुल और बाढ़ जैसे हालात
