दिलजीत दोसांझ और उनकी फिल्म सतलुज को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बयान दिया है. बिट्टू ने कहा कि इस फिल्म में उनके पैसे भी लगे हुए हैं. उन्होंने दिलजीत के ऊपर निशाना साधा है.

विवादों में दिलजीत और सतलुज
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी फिल्म सतलुज को लेकर काफी चर्चा में हैं. सतलुज को लेकर बॉलीवुड से राजनीति तक बयानबाजी हो रही है. अब सतलुज को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिलजीत दोसांझ पर निशाना साधते हुए कई आरोप लगाए हैं. रवनीत सिंह ने दिलजीत की फिल्म और उनके विदेश में रहने के साथ सुरक्षा को लेकर दिए जा रहे बयानों पर सवाल उठाए हैं.
वो सरक्षित हैं- बिट्टू
रवनीत सिंह बिट्टू ने दिलजीत की सुरक्षा के दावों को लेकर कहा कि वो विदेश में सुरक्षित बैठकर अपने परिवार और अपनी जान का खतरा बता रहे हैं. बिट्टू ने दावा किया कि दिलजीत दोसांझ की नई फिल्म सतलुज में खुद उनके पैसे लगे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म को लेकर पहले सेंसर बोर्ड के साथ लंबी लड़ाई दिखाई गई और फिर उन्होंने फिल्म को डाउनलोड करने की बातें कहीं.
तथ्यों को तोड़-मरोड़कर न पेश करें- बिट्टू
इस दौरान बिट्टू ने इतिहास की कुछ अहम तारीखों और घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 31 अगस्त को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह शहीद हुए थे. बिट्टू ने कहा कि इसके बाद 6 सितंबर को पुलिस ने जसवंत सिंह खालड़ा को गिरफ्तार किया था. उन्होंने कहा कि जसवंत की गिरफ्तारी के दौरान बेअंत सिंह न पंजाब के मुख्यमंत्री थे और न ही इस दुनिया में थे. उन्होंने कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए.
क्या है पूरा विवाद?
आपको बता दें कि मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन इसके 2 दिन बाद इसे ओटीटी से हटा दिया गया था, जिसके कारण काफी हंगामा हो रहा है. यह फिल्म पंजाब में मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर बनाई गई है. अब इस फिल्म को लेकर दिलजीत लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं.
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी की रैली में भारी हंगामा! आपस में भिड़े BJP और TMC कार्यकर्ता; चोर-चोर के लगाए नारे
