ग्रेटर नोएडा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर बुधवार की दोपहर में एक बच्चा करंट की चपेट में आ गया है. करंट इतना तेज था कि बच्चा उसकी चपेट में आकर पूरी तरीके से झुलस गया है. मामला दोपहर 1 बजे का बताया जा रहा है.
बहन के संग खेल रहा था बच्चा
जानकारी के मुताबिक, 10 साल का बच्चा सुफियान अली अपनी बहन सानिया के संग घर में खेल रहा था. दुकान के शटर में अचानक से ही करंट आ गया था. जैसे ही बच्चा खेलते-खेलते दुकान के शटर को छुता है, वह उसकी चपेट में आ जाता है. करंट लगते ही सुफियान मौके पर ही बेहोश हो गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को वहां से हटाया और सुफियान को दादरी के सरकारी अस्पताल में लेकर के गए. प्राथमिक इलाज के बाद में बच्चे को ग्रेटर नोएडा के दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया. बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल डॉक्टर उसके स्वास्थ्य पर नजरें बनाए हुए है. उनका उपचार चल रहा है.
सालों से एक ही जैसा हाल
शुरुआती जांच में मामला बारिश की वजह से होने वाले जलभराव का लग रहा है. कई दिनों से रुक-रुक बारिश हो रही है. कई स्थानों पर तो जलभराव भी हो गया. आशंका जताई जा रही है बारिश के पानी के भरने के कारण करंट दुकान के शटर में उतर गया था. आसपास के लोगों और पुलिस ने तुरंत बिजली विभाग को इस मामले की जानकारी दी है. स्थानीय लोगों में इस मामले के बाद से डर का माहौल है. बारिश के समय में कई जगहों से ऐसी खबरें सामने आती है. हर साल करंट की वजह से कई लोग मरते हैं. लोगों का कहना है कि हर साल एक ही जैसा हाल होने के बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम मानसून से पहले नहीं उठाती है.
ये भी पढ़ें: बिहार में 25 हजार वोल्ट की रेलवे तार चोरी, 3 घंटे तक थमा ट्रेनों का पहिया
