BJP Election Preparations 2027: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों को तेज करने जा रही है. 11 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगे. बैठक में संगठन की टीम और विभिन्न मोर्चों को नया होमवर्क सौंपा जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी. मुख्यालय में होने वाली बैठक में प्रदेश के सभी प्रमुख पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं.
क्या होगा बैठक का एजेंडा
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी स्थानीय चुनाव, उपचुनाव और मिशन-2027 (विधानसभा चुनाव) के लिए जमीन तैयार करना है. बैठक के दौरान पिछले सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और आगामी महीनों के लिए एक व्यापक चुनावी रूपरेखा (Blueprint) तय की जाएगी.इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करना और नई टीम को जिम्मेदारी सौंपना है.
सौंपा जाएगा एक नया ‘होमवर्क’ यानी विशेष टॉस्क
इस बैठक में पार्टी के अलग-अलग मोर्चों (जैसे युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा) के कामकाज का लेखा-जोखा देखा जाएगा. नेतृत्व की ओर से सभी विंग्स और मोर्चों को जनता के बीच पैठ बढ़ाने के लिए एक नया ‘होमवर्क’ यानी विशेष टॉस्क सौंपा जाएगा. सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनेगी. कमजोर बूथों को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी जाएगी.
मुख्यालय पर हलचल तेज
11 जुलाई की इस बैठक को लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर सुबह से ही हलचल तेज हो गई है. आगामी सांगठनिक फेरबदल, नए अभियानों की घोषणा और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव करने के लिहाज से इस बैठक को बेहद निर्णायक माना जा रहा है। शीर्ष नेतृत्व के कड़े रुख को देखते हुए माना जा रहा है कि ढिलाई बरतने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो सकती है.
बैठक को भाजपा के चुनावी अभियान की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसमें संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन होगा.
