अलीगढ़ (चंडौस): उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है. चंडौस थाना इलाके के सुदेशपुर गांव में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली पनीर और सिंथेटिक दूध बरामद कर उसे नष्ट कर दिया है. यह पूरी कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (लखनऊ) ज्ञानपाल सिंह और सहायक खाद्य आयुक्त (गौतमबुद्ध नगर) सर्वेश मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में अंजाम दी गई।
400 किलो नकली पनीर और 2000 लीटर सिंथेटिक दूध नष्ट
प्रशासन को इलाके में बड़े पैमाने पर मिलावटी और जहरीले डेयरी उत्पाद बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सुदेशपुर गांव में स्थित चौहान डेयरी, सिराज डेयरी, मकसूर खां डेयरी और बरकत अली डेयरी पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की.इस छापेमारी के दौरान बरकत अली डेयरी से भारी मात्रा में मिलावटखोरी पकड़ी गई.
डेयरी सील, एक युवक हिरासत में
कार्रवाई के दौरान नियमों के उल्लंघन और भारी मिलावटखोरी मिलने पर अधिकारियों ने बरकत अली डेयरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही, जांच टीम ने चारों डेयरियों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 9 नमूने (सैंपल्स) भरकर लैब टेस्ट के लिए भेज दिए हैं, ताकि मिलावट के स्तर का सटीक पता लगाया जा सके.
किशोर की मौत के बाद जागा प्रशासन
इस बड़ी कार्रवाई के पीछे एक बेहद दुखद पृष्ठभूमि भी जुड़ी हुई है. बीते दिनों इसी चंडौस इलाके में जिम जाने वाले एक किशोर (युवक) की नकली पनीर खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था, जिसके चलते प्रशासन ने इस रैकेट को दबोचने के लिए यह महा-अभियान चलाया. अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
