उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर में दान चोरी के मामले में SIT टीम लगातार जांच कर रही है. अब टीम ने इस मामले में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष के निजी सचिव को हिरासत में लिया है. टीम ने उसे देहरादून से हिरासत में लिया है.

बद्रीनाथ दान चोरी मामले में एक्शन
उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर में भी राम मंदिर की तरह दान चोरी का मामला सामने आया था. इस मामले में भी SIT लगातार जांच कर रही है. अब टीम ने दान चोरी मामले में जांच को तेज कर दिया है. जानकारी के मुताबिक अब एसाईटी की जांच बद्रीनाथ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष तक पहुंचती हुई दिखाई दे रही है. आपको बता दें कि एसआईटी ने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष से जुड़े हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है.
देहरादून से हिरासत में लिया आरोपी
जानकारी के मुताबिक बद्रीनाथ मंदिर में दान चोरी मामले की जांच के दौरान एसआईटी ने प्रमोद नौटियाल को हिरासत में लिया है. प्रमोद को राजधानी देहरादून से टीम ने हिरासत में लिया है. हिरासत में लिया गया आरोपी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष का निजी सचिव बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद एसाईटी टीम देहरादून से चमोली के लिए रवाना हो गई है.
चढ़ावा और दान अधिकारी है आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रमोद को लेकर एसआईटी टीम बद्रीनाथ भी पहुंची है. आपको बता दें कि प्रमोद नौटियाल को एसआईटी ने रविवार को देर शाम लगभग 8 बजे देहरादून से हिरासत में लिया है. प्रमोद के ऊपर बद्रीनाथ धाम में आए चढ़ावे और दान की जिम्मेदारी थी. बताया जा रहा है कि आरोपी व्यक्ति मंदिर में चढ़ावा और दान अधिकारी भी था.
सीएम धामी ने दिए थे SIT जांच के निर्देश
उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में 2 जुलाई को चढ़ावा में गड़बड़ी होने का मामला सामने आया था. इस मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी जांच को लेकर एसआईटी टीम का गठन किया था. गठन के बाद से लगातार टीम इस मामले में जांच कर रही है. टीम ने अब मंदिर कमेटी के अध्यक्ष के निजी सचिव को हिरासत में लिया है और उसे लेकर बद्रीनाथ पहुंची है.
