बाबा रामदेव के ‘हिंदू राष्ट्र’ और पूर्वजों को लेकर दिए गए एक बयान पर अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अगर सब सनातनी थे तो यहां दरारें पैदा करने की कोशिशें क्यों हो रही हैं?

बाबा रामदेव के बयान पर सियासी घमासान
योग गुरु बाबा रामदेव ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने अब सियासी हलचल तेज कर दी है. बाबा रामदेव के ‘हिंदू राष्ट्र’ और पूर्वजों को लेकर दिए गए एक बयान के बाद अब घमासान मच गया है. आपको बता दें कि बाबा रामदेव ने कहा था कि हिंदू राष्ट्र की अवधारणा से किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है. अब बाबा रामदेव के बयान पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने प्रतिक्रिया दी है.
हम सभी के पूर्वज एक ही हैं- रामदेव
आपको बता दें कि बाबा रामदेव ने हरिद्वार में देवबंद को लेकर संबोधन में कहा कि हमारे हरिद्वार के पास एक देवबंद है. मुझे साल 2009 में वहां बुलाया गया था. उन्होंने कहा कि मैंने उनसे कहा था कि हमारे धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारे पूर्वज एक ही हैं. रामदेव ने कहा कि हिंदू राष्ट्र की अवधारणा से किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है. हम सभी के पूर्वज सनातनी हिंदू आर्य-वैदिक थे.
अपने चरित्र को पूर्वजों जैसा रखें- रामदेव
उन्होंने कहा था कि लोग पूछते हैं कि अगर हिंदू राष्ट्र बना तो मुस्लिम कहां जाएंगे. आप अपने पूर्वजों की परंपरा को अपना लीजिए. उन्होंने कहा कि आप दाढ़ी रखें, या कटवा लें और अपनी पसंद के कोई भी कपड़े पहनें, लेकिन अपने चरित्र को अपने पूर्वजों जैसा रखें. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में मुसलमानों या फिर ईसाइयों के लिए कोई खतरा नहीं हैं. अब उनके इस बयान पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पलटवार किया है.
दरारें पैदा करने की कोशिश क्यों?
खुर्शीद ने कहा कि मैं भारत के संविधान में भरोसा रखता हूं, संविधान में सभी के लिए जगह है. उन्होंने कहा कि संविधान में सब कुछ शामिल है, ये हर व्यक्ति और नागरिक के सोच की रक्षा करता है और सभी के धर्म को सुरक्षित रखता है. आप इसे जिस नाम से चाहें पुकार सकते हैं. इस दौरान खुर्शीद ने सवाल उठाया कि अगर हर कोई सनातनी था, तो यहां दरारें पैदा करने की कोशिश क्यों की जा रही है.
उन्होंने कहा कि यह ऐसा सवाल है जो उन्हें दूसरों से चर्चा करने से पहले खुद से पूछना चाहिए कि वो कौन हैं और किस समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की सोच के अलावा किसी विचार से सहमत नहीं हैं. हमारी सोच वही है जो संविधान कहता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दागदार हुई खाकी! कॉन्स्टेबल ने पत्नी को मारी गोली; सड़क पर छोड़ा शव
