पूर्वी दिल्ली में एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पत्नी के शव को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.

कॉन्स्टेबल ने की पत्नी की हत्या
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. दिल्ली के पूर्वी जिले में पुलिस के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्व़ॉड (AATS) में तैनात एक कॉन्स्टेबल ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी को गोली मारी और मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
दोनों के बीच चल रहा था विवाद
आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक आरोपी पूर्वी दिल्ली पुलिस के AATS में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी प्रियंका एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी. इस मामले की जांच में मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच में पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था.
सड़क पर छोड़ा पत्नी का शव
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के दौरान दोनों की कहासुनी हो गई. इस कहासुनी के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को पिस्टल से गोली मार दी. मृतका की पहचान 26 साल की प्रियंका के रूप में की गई है. इस घटना के बाद आरोपी अपनी घायल पत्नी को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल लेकर गई. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस मामले में जांच करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी भी कर रही है. हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
यह भी पढ़ें- बद्रीनाथ दान चोरी ममले में एक्शन! हिरासत में मंदिर कमेटी अध्यक्ष का निजी सचिव; SIT कर रही जांच
