Yogi ki paati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशवासियों को बेहद भावुक और प्रेरक ‘पाती’ लिखी है. यूपी में 40 करोड़ पौधारोपण होने पर सीएम ने प्रदेशवासियों को चिट्ठी लिखी है.सीएम ने इस ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ को जनभागीदारी का महाअभियान बताते हुए इसे नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य और जनसंकल्प का प्रतीक करार दिया है.
हमारी सभ्यता ‘अरण्य संस्कृति’
मुख्यमंत्री योगी ने अपने पत्र में भारतीय संस्कृति में वृक्षों के गहरे महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने लिखा, “हमारी सभ्यता को ‘अरण्य संस्कृति’ कहा जाता है. यह वह पावन धरा है जहां ऋषि-मुनियों ने वनों में रहकर वेद, उपनिषद और महान ग्रंथों की रचना की और लोकमंगल का चिंतन किया. यह अभियान केवल पर्यावरण सुधार नहीं, बल्कि हमारी सनातन चेतना का महोत्सव है.” उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का संदर्भ देते हुए याद दिलाया कि भगवान श्रीकृष्ण ने पीपल को अपना ही स्वरूप बताया है और आयुर्वेद के अनुसार हर पौधे में औषधीय गुण छिपे हैं.
पीएम मोदी की प्रेरणा से बना जनआंदोलन, आंकड़े दे रहे गवाही
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जो प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता को दर्शाता है. उन्होंने लिखा वर्ष 2017 से 2023 के बीच उत्तर प्रदेश के वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.इसके साथ ही प्रदेश का कुल हरित आवरण अब 9.96 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
280 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके
यूपी में अब तक विभिन्न अभियानों के तहत 280 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो कार्बन उत्सर्जन कम करने और जैव विविधता के संरक्षण में सबसे प्रभावी हथियार हैं.
हर शुभ अवसर को वृक्ष से जोड़ें
मुख्यमंत्री का भावुक आह्वान करते हुए पाती में लिखा, जीवन के हर शुभ अवसर को वृक्ष से जोड़ें. अपनी पाती के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के हर परिवार से एक बेहद भावनात्मक और जरूरी अपील की है. उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक वृक्षारोपण को अपने जीवन के संस्कारों और खुशियों से जोड़े.
बच्चों का जन्मदिन और बेटी की शादी पर लगाएं पौथा
बच्चों के जन्मदिन पर परिवार अनिवार्य रूप से एक पौधा लगाए और उसकी सुरक्षा व देखभाल का संकल्प ले. और बेटी की विदाई के समय उसके स्नेह और मायके की मीठी स्मृतियों के प्रतीक स्वरूप एक पौधा लगाने की परंपरा शुरू की जाए.विवाह, वर्षगांठ या किसी भी शुभ अवसर पर अधिकाधिक वृक्ष लगाए जाएं.
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता द्वारा लगाया और सींचा गया यह एक-एक पौधा आने वाले समय में एक हरित, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश की सबसे मजबूत नींव बनेगा.
ये भी पढ़ें: बिहार में कानून पर फिर उठे सवाल! अपहरण, हत्या और पुलिस पर लापरवाही का आरोप… 5 दिन बाद मिला कारोबारी बंटी कुमार का शव
