UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके कारण राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज प्रदेश का अधिकतम तापमान 30°C से 34°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है. नोएडा-गाजियाबाद में लोग गर्मी और उमस से परेशान है. आज इसमें राहत मिलने की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
जानें आज यूपी के मौसम का हाल
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने रविवार के लिए महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर समेत तराई के 10 जिलों में खूब भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा 23 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 19 से 21 जुलाई के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मानसून और सक्रिय होगा. इस दौरान अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं, जिससे पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी.
नोएडा के मौसम का हाल
आज नोएडा और आसपास के दिल्ली-NCR क्षेत्रों में आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे और उमस भरा मौसम बना रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और अन्य मौसम ट्रैकरों के अनुसार, आज दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है.आज तापमान 34°C से 37°C के बीच रहने का अनुमान है.
भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
जिन जिलों के लिए मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है वो हैं, महराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आस पास के इलाके.
भारी वर्षा का येलो अलर्ट
जिन जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है वो हैं, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया,आजमगढ़,हरदोई, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर,मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र.
पूर्वी-मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश
गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज और चंदौली जैसे जिलों में मानसून सबसे ज्यादा एक्टिव है, जहाँ झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी यूपी के मेरठ और मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी हिस्सों में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मध्य उत्तर प्रदेश की बात करें तो राजधानी लखनऊ और कानपुर के आस-पास के इलाकों में आज दिनभर उमस के साथ बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं.
शनिवार को पूर्वांचल में अच्छी बारिश
यूपी में शनिवार को पूर्वांचल के साथ दक्षिणी यूपी और पूर्वांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. सबसे ज्यादा बारिश गोरखपुर में दर्ज की गई. इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी बारिश हुई. पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.
ये भी पढ़ें: सावधान! उत्तराखंड में 19-20 जुलाई को रेड अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
