Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में मॉनसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र देहरादून ने 19 और 20 जुलाई 2026 के लिए राज्य के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक कई क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है. अगर आज आप पहाड़ों की ओर जाने का प्लान बना रहे हैं या घर से बाहर निकलने वाले हैं, तो पहले आप अपने जिले का मौसम अपडेट जरूर जान लें, वरना आपके लिए परेशानी खड़ी हो सकती है. यहां पढ़िए मौसम विभाग का ताजा अपडेट.
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई. देहरादून के जॉलीग्रांट में 80 मिमी से अधिक बारिश हुई, जबकि खटीमा में 66 मिमी और देहरादून शहर में 44 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. राजधानी देहरादून और टिहरी में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. नैनीताल, चम्पावत और उधम सिंह नगर में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. खटीमा और आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही जलभराव की स्थिति बनी हुई है. प्रशासन ने संवेदनशील मार्गों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है.
इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, हरिद्वार, बागेश्वर, चम्पावत और उधम सिंह नगर जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी भारी वर्षा और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.
19 और 20 जुलाई को मूसलाधार बारिश
हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में 19 और 20 जुलाई को मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की गई है. चारधाम यात्रा मार्गों पर भी यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
22 और 23 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
बागेश्वर जिले के लिए अगले तीन दिन विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं. मौसम विभाग ने 19 से 21 जुलाई तक भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है. आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई तक राज्यभर में मॉनसून सक्रिय रहेगा. हालांकि 22 और 23 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है और अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: नैनीताल की ‘हॉरर’ मिस्ट्री: जिला पंचायत क्षेत्र में 10 दिनों से रात में आसमान से टपक रहे पत्थर, पुलिस भी हैरान!
