जयपुर के फागी क्षेत्र से अजीबोगरीब मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक अफवाह ने पूरे गांव में अलग ही माहौल पैदा कर दिया है. पुराने मकान में जेसीबी की खुदाई के समय में अचानक ही चांदी के सिक्के निकलने की खबर फैल गई, जिसकी वजह से पूरा गांव उसकी खोज में जुट गया. अफवाह फैली की मुगलकालीन दौर में पाए जाने वाले चांदी के सिक्कों का खजाना खुदाई के दौरान मिला है, जिसके बाद धीरे-धीरे पूरे गांव वाले उसकी खोज करने की लिए पहुंचने लग गए. सभी लोगों ने अलग-अलग जगह पर खुदाई करनी शुरू की.
तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
अफवाह के कारण पूरा गांव रात-रात तक टॉर्च लेकर कथित रूप से जमीन में दबे हुए खजाने की खोज करने लगा. सभी उम्र के लोग इस खोज अभियान में जुटे हुए थे. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि खुदाई के दौरान मिले सिक्के मुगलकाल के है. वह काफी पुराने से लग रहे हैं. लोगों ने संभावना जताई है कि ये सिक्के मुगलकाल के हो सकते हैं. हालांकि, अब तक इस चीज की किसी ने भी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
मामले की कार्रवाई में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच मामले की कार्रवाई में जुट गई है. अभी तक प्रशासन और पुरातत्व विभाग की टीम भी मौके पर नहीं पंहुची है. हालांकि, वहां के लोग इस अफवाह को सच मान रहे हैं. वह खुदाई में लगे हुए है. सभी खजाने को पाने की लालसा में भूखे प्यासे लगे हुए है. अब देखना यह है कि वह कब तक इस खोजबीन में लगे रहेंगे.
