Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल के जिला पंचायत और अपर माल रोड क्षेत्र में इन दिनों रहस्यमयी पत्थरबाजी से स्थानीय लोग दहशत में हैं. यहां पिछले 10-11 दिनों से हर रात करीब 8 बजे के बाद अचानक घरों की छतों पर पत्थर गिरने लगते हैं. यह सिलसिला देर रात 12 से 1 बजे तक जारी रहता है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है.
हाथ नहीं आया कोई संदिग्ध
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में इसे शरारती तत्वों की हरकत समझा गया, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं के बाद मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत होने लगा है. लोगों ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से भी की है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो दिनों तक रात में जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति हाथ नहीं लगा.
डर के साए में स्थानीय लोग
स्थानीय निवासी चंपा ने बताया कि इस घटना से परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है. बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं और महिलाएं शाम ढलते ही भय के साये में घरों में रहने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि जैसे ही रात के आठ बजते हैं, घरों की छतों पर अचानक पत्थर गिरने लगते हैं. पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने स्वयं भी जंगल में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
10 दिनों से रात में बरसते हैं पत्थर
वहीं, सुरेश चंद भट्ट ने बताया कि जिला पंचायत परिसर, गेस्ट हाउस के ऊपर वाले जंगल और आसपास के क्षेत्र से आबादी की ओर पत्थर फेंके जाने की आशंका है. उनके अनुसार, करीब 10-11 दिन पहले शुरू हुई यह घटना अब लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं. स्थानीय निवासी निर्मल का कहना है कि अब इस इलाके में रहना मुश्किल हो गया है. लगातार हो रही पत्थरबाजी से लोग परेशान हैं, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति पकड़ में नहीं आया है.
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग एकजुट होकर पत्थर फेंकने वालों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है. लगातार हो रही इस रहस्यमयी पत्थरबाजी ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों का जल्द पता लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव समय पर होंगे, जनगणना के कार्यक्रम में हो सकता है बदलाव-मुख्य चुनाव आयुक्त
