Dehradun Congress Accident: देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान लोहे का भारी कटर सिर पर गिरने से 65 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता की जान चली गई.

Dehradun Congress Accident: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में कांग्रेस के एक बुजुर्ग कार्यकर्ता की जान चली गई है. रैली स्थल पर जब टेंट और स्टेज बनाने का काम चल रहा था, तभी एक लोहे का कटर मशीन का हिस्सा कार्यकर्ता के सिर पर आ गिरा. आनन-फानन में उन्हें पास के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मातम पसरा हुआ है.
सिर पर गिरा लोहे का कटर
यह भयानक हादसा गुरुवार को उस समय हुआ जब रैली ग्राउंड में मजदूर और पार्टी कार्यकर्ता काम में जुटे हुए थे. मृतक बुजुर्ग कार्यकर्ता की पहचान 65 वर्षीय अमर मेहता के रूप में हुई है. अमर मेहता देहरादून के ही ब्राह्मणवाला इलाके के रहने वाले थे. वे सालों से कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही की तरह काम कर रहे थे. चश्मदीदों के मुताबिक, काम के दौरान अचानक एक भारी-भरकम लोहे का कटर उनके सिर पर गिर गया. सिर में गहरी चोट लगने की वजह से मौके पर ही काफी खून बह गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया पर बचाया नहीं जा सका.
बेटा भी यूथ कांग्रेस में सक्रिय
अमर मेहता का पूरा परिवार ही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जुड़ा हुआ है. अमर मेहता तो पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता थे ही, साथ ही उनका बेटा भी यूथ कांग्रेस में काफी सक्रिय भूमिका निभाता है. पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे कांग्रेस के तमाम छोटे-बड़े नेता और कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंच रहे हैं. हर कोई इस अचानक हुए हादसे से हैरान है और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगा हुआ है.
प्रशासन ने रद्द की थी अनुमति
आपको बता दें कि राहुल गांधी का यह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पहले देहरादून के मशहूर परेड ग्राउंड में होना तय हुआ था. कांग्रेस ने इसकी पूरी रूपरेखा भी तैयार कर ली थी. लेकिन ऐन वक्त पर स्थानीय प्रशासन ने कुछ कारणों का हवाला देते हुए परेड ग्राउंड में कार्यक्रम करने की इजाजत रद्द कर दी. प्रशासन से अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने आनन-फानन में रैली का वेन्यू बदला. इसके बाद बन्नू स्कूल के मैदान को फाइनल किया गया और नए सिरे से कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की गईं.
नेताओं ने लिया था जायजा
बन्नू स्कूल मैदान में बुधवार से ही युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही थीं ताकि राहुल गांधी के कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए. हादसे से कुछ समय पहले ही उत्तराखंड कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मैदान में व्यवस्था देखने पहुंचे थे. इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य शामिल थे. इनके साथ ही प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के सदस्य और प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव ने भी पूरे ग्राउंड का निरीक्षण किया था. नेताओं के जाने के बाद ही यह दर्दनाक हादसा हो गया.
