kailash vijayvargiya statement: मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से भारत को अस्थिर करने के विदेशी मंसूबे पानी में मिल गए हैं.

kailash vijayvargiya statement: मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. इंदौर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधान के पद छोड़ने से उन विदेशी ताकतों की कोशिशें बेकार हो गईं, जो देश में हिंसा भड़काना चाहती थीं. विजयवर्गीय के मुताबिक, कुछ बाहरी ताकतें बांग्लादेश और श्रीलंका जैसी स्थिति पैदा करके भारत को अस्थिर करने की फिराक में थीं. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने अपना 36 दिनों से चला आ रहा आंदोलन वापस ले लिया है.
शुरुआत में ही पद छोड़ने को तैयार थे प्रधान
कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जैसे ही NEET पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ था, धर्मेंद्र प्रधान तभी इस्तीफा देने को तैयार थे. उन्होंने पहले ही दिन बीजेपी अध्यक्ष के सामने पद छोड़ने की पेशकश कर दी थी. हालांकि, उस समय पार्टी नेतृत्व ने उनसे रुकने और परिस्थितियों का आकलन करने के लिए कहा था. बाद में जब संगठन ने फैसला लिया, तो प्रधान ने तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे दिया.
कांग्रेस के जश्न पर मंत्री का तंज
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी जता रही कांग्रेस पार्टी पर विजयवर्गीय ने जमकर निशाना साधा. उन्होंने एक देसी कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ‘पड़ोसी के घर बच्चा होने पर ढोल बजाने’ जैसा काम कर रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि इस पूरे छात्र आंदोलन में कांग्रेस की आखिर क्या भूमिका थी. बीजेपी नेता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद से हताश विपक्ष को अब इस आंदोलन में अपने लिए मौका दिखाई दिया था.
छात्रों के पीछे छिप रही थी विपक्षी पार्टी
वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह से छात्रों द्वारा शुरू किया गया था. कांग्रेस इसमें केवल पीछे खड़े होकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रही थी. उन्होंने पूछा कि इतने दिनों तक चले इस प्रदर्शन के दौरान क्या कांग्रेस के किसी बड़े नेता को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा. विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल छात्रों के गुस्से और आंदोलन का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था.
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा संघ (RSS) को लेकर दिए गए बयान पर भी विजयवर्गीय ने कड़ा ऐतराज जताया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि संघ दीमक की तरह देश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है. इस पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी की समझ पर तरस आता है. उन्होंने सलाह दी कि राहुल को पहले आरएसएस के योगदान और उसकी राष्ट्रनिर्माण की विचारधारा को गहराई से समझने की जरूरत है.
