दिल्ली के शाहदरा इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनने के बाद सबका दिल दहल जाएगा. दिल्ली के शाहदरा इलाके में राम नगर एक्सटेंशन में एक बुजुर्ग और उसकी पत्नी दोनों की साथ में बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है.
दिल्ली के शाहदरा में डबल मर्डर
देश में हमें कई बार अजीबोगरीब घटनाएं देखने को मिलती हैं. एक ऐसी ही घटना दिल्ली के शाहदरा इलाके में हुई है. यहां के राम नगर एक्सटेंशन में एक रिटायर्ड टीचर और उसकी पत्नी की उसके ही घर में हत्या कर दी गई. 75 साल के वीरेंद्र कुमार बंसल और उनकी 65 साल की पत्नी प्रवेश बंसल की उनके ही घर में हत्या की खबर सामने आई. वीरेंद्र बंसल एक रिटायर्ड टीचर थे.
घर के अलग-अलग कमरों में मिले शव

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 4 जनवरी को रात में लगभग 12:30 बजे के आस-पास एमएस पार्क पुलिस स्टेशन में वैभव बंसल नाम के एक व्यक्ति की कॉल आई और पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता घर में बेहोश हैं और शायद उनकी मौत हो गई है. जिसके बाद में पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई. पुलिस घर में तीसरी मंजिल पर बने कमरों में घुसी तो देखा कि घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के शव पड़े हुए थे.
ये भी पढ़ें: ट्रम्प बोले- वेनेजुएला पर अब हमारा कब्जा; वेनेजुएला के राष्ट्रपति को पत्नी समेत बेडरूम से घसीटकर पकड़ा
हिंसक हत्या की आशंका
जब पुलिस ने जांच शुरू की तो देखा कि वीरेंद्र बंसल के चेहरे पर काफी चोटों के निशान थे. वीरेंद्र के चेहरे पर मिले निशानों से उनकी हिंसक हत्या की आशंका की जताई जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक दोनों पति-पत्नी की हत्या एक ही समय पर हो सकती है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वारदात के समय पर घर में और कोई भी मौजूद था या फिर नहीं था.
फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम मौजूद
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और क्राइम टीम को मौके पर बुला लिया गया. दोनों टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर काफी बारीकी के साथ में निरीक्षण करते हुए सबूतों को इकट्ठा किया है. घटनास्थल यानी घर की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है, जिससे इस मामले में जांच में मदद मिल सके.
CCTV कैमरों को जांच रही पुलिस
पुलिस ने दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पुलिस जांच में जुट गई है. शुरुआती जांचों में लूट की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी तरह से जांच की जा रही है और घर से किसी तरह का कीमती सामान या नगदी गायब है या नहीं यह भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज किया है. इस मामले में पुलिस आस-पास के CCTV कैमरों को भी जांच रही है और परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें: मनरेगा बचाओ नहीं, भ्रष्टाचार बचाओ संग्राम! शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर हमला, बोले कांग्रेस झूठ की दुकान
