देश में इन दिनों मनरेगा को लेकर चर्चाएं काफी तेज हैं. जिसके चलते राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे के ऊपर हमला कर रही हैं. कांग्रेस ने देश में मनरेगा बचाओ आंदोलन का ऐलान किया है, जिसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है.
मनरेगा बचाओ नहीं भ्रष्टाचार बचाओ संग्राम- शिवराज
देश में कांग्रेस ने मनरेगा को लेकर मनरेगा बचाओ आंदोलन का ऐलान किया है. जिसको लेकर अब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के ऊपर हमला बोला है. शिवराज ने कहा है कि यह मनरेगा बचाओ नहीं बल्कि भ्रष्टाचार बचाओ संग्राम है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राम, ग्राम और काम से बहुत परेशानी है. उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के डीएनए में ही भ्रष्टाचार है.
80 साल से ज्यादा की उम्र के लोग कर रहे काम- शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि मनरेगा में मशीनी ठेकेदारों से काम करवाकर सिर्फ जेबें भरी गई हैं. उन्होंने कहा कि एक ही सड़क को 2-3 बार बनाया जा रहा था और नहर की सफाई के नाम पर सिर्फ पैसों को डकारा जा रहा था. शिवराज सिंह ने कहा कि सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि 80 साल से ज्यादा की उम्र वाले लोग इसमें काम करते थे.
कांग्रेस झूठ की दुकान है- शिवराज सिंह
शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ झूठ की दुकान है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुनती आधा है और झूठ ज्यादा फैलाती है. उन्होंने कहा कि ऐसा कहा जा रहा है कि अब मजदूरों को काम नहीं मिलेगा, लेकिन ‘G RAM G’ मनरेगा से काफी ज्यादा बेहतर है. इसी कारण कांग्रेस के पेट में काफी दर्द हो रहा है कि अब धांधलेबाजी बंद हो जाएगी. उन्होंने कहा है कि यह कानून मजदूरों को 100 दिनों की जगह पर 125 दिनों के काम की गारंटी देता है. इस कानून में देर से मजदूरी पर दंड का प्रावधान भी किया गया है.
आरोप लगाकर भाग जाना कांग्रेस की आदत- शिवराज सिंह
शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि जब संसद में इसकी चर्चा हुई थी तो राहुल गांधी कहां थे. उन्होंने इस चर्चा में हिस्सा क्यों नहीं लिया था. शिवराज ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि भ्रष्टाचार की संभावनाएं खत्म हो गई तो आरोप लगाओ और फिर भाग जाओ. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही आदत है. उन्होंने कहा है कि विकसित भारत इस कानून यानी G RAM G का एक बड़ा रिफॉर्म है.
ये भी पढ़ें: ट्रम्प बोले- वेनेजुएला पर अब हमारा कब्जा; वेनेजुएला के राष्ट्रपति को पत्नी समेत बेडरूम से घसीटकर पकड़ा
