Shehzad Poonawalla on Modi: भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने जंतर-मंतर पर नीट प्रदर्शनकारियों को पीएम मोदी द्वारा माफ किए जाने पर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि 12 साल में भी पीएम मोदी ठीक से तानाशाह नहीं बन पाए.

Shehzad Poonawalla on Modi: भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधियों पर जोरदार तंज कसा है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पीएम मोदी एक ‘तानाशाह’ बनने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं. पूनावाला ने नीट प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी के रवैये की तुलना कांग्रेस शासित राज्यों की कार्रवाई से की. उन्होंने कहा कि 12 साल सत्ता में रहने के बाद भी प्रधानमंत्री को ठीक से तानाशाह बनना तक नहीं आया. उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पीएम मोदी के वीडियो बयान पर दिया रिएक्शन
पूनावाला का यह बयान पीएम मोदी के उस संदेश के बाद आया है, जिसमें उन्होंने छात्रों को माफ करने की बात कही थी. जंतर-मंतर पर नीट प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने पीएम और उनकी दिवंगत मां के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था. इस पर पीएम मोदी ने कहा था कि ये बच्चे हैं और इनसे गलतियां हो जाती हैं. समाज और पुलिस को इन्हें माफ कर देना चाहिए. पूनावाला ने कहा कि कोई तानाशाह ऐसे बच्चों को माफ नहीं करता, बल्कि सजा देता है.
राहुल गांधी को बताया तानाशाही का असली वारिस
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सीधा निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी जी को राहुल गांधी से सीखना चाहिए कि असली तानाशाही क्या होती है. राहुल गांधी तो इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के वंशज हैं. पूनावाला ने कहा कि मोदी सरकार ने तो छात्रों की मांगें मानकर उन पर दर्ज केस वापस ले लिए. इसके उल्टे कांग्रेस की सरकारें सोशल मीडिया पर जरा सी पोस्ट लिखने पर भी लोगों पर पुलिस केस दर्ज करवा देती हैं.
कांग्रेस शासित राज्यों की कार्रवाई का दिया हवाला
अपनी बात को साबित करने के लिए पूनावाला ने कई राज्यों के उदाहरण दिए. उन्होंने दावा किया कि केरल में राहुल गांधी का अपमान करने पर इंस्टाग्राम यूजर्स पर केस किया गया. कर्नाटक में एक पोस्टर लगाने और रैप गाना गाने वाले कलाकार पर पुलिस ने कार्रवाई की. उन्होंने इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि नेहरू जी ने बोलने की आजादी पर रोक लगाई थी. वहीं इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाकर विपक्ष के सभी नेताओं को जेल में डाल दिया था.
‘लेफ्ट-लिबरल्स की उम्मीदों पर फिरा पानी’
पीएम मोदी को संबोधित करते हुए पूनावाला ने कहा कि आज बच्चे आपके खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं. इसके बावजूद आप कह रहे हैं कि उन्हें सही रास्ता दिखाना चाहिए. उन्होंने फिर चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी जी, 12 साल बीत चुके हैं. आप तानाशाह नहीं बन सके और आपने लेफ्ट-लिबरल्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. आप एक सख्त तानाशाह बनने के मामले में पूरी तरह फेल रहे हैं.
पीएम मोदी ने जताया था दुख, फिर भी किया माफ
आपको बता दें कि शुक्रवार रात जारी एक वीडियो में पीएम मोदी ने अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा था कि नीट प्रदर्शन के दौरान उनकी दिवंगत मां के खिलाफ बोली गई बातों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है. लेकिन इसके बाद भी उन्होंने पूरे समाज से अपील की कि इन बच्चों को माफ कर दिया जाए. पीएम ने कहा था कि हमें बच्चों को उनकी गलतियों से सिखाना चाहिए ताकि वे भविष्य में सही रास्ते पर चल सकें.
