Donald Trumps threat: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले और मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति को खुली चेतावनी देकर लैटिन अमेरिका में तनाव और बढ़ा दिया है.

Donald Trumps threat: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पूरे लैटिन अमेरिका में तनाव बढ़ गया है. इस कार्रवाई को लेकर कई देशों ने अमेरिका की खुलकर आलोचना की है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान दे दिया है. ट्रंप ने खुले मंच से पेट्रो को अपनी जान बचाने की चेतावनी दी, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है.
कोलंबिया के राष्ट्रपति को धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि मादुरो की गिरफ्तारी के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति को सतर्क रहना चाहिए. ट्रंप ने दावा किया कि पेट्रो कोकीन बनाने और उसे अमेरिका भेजने में शामिल हैं. यह बयान उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया है. ट्रंप ने कहा कि पेट्रो के पास कोकीन बनाने की फैक्ट्रियां हैं और यह अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा है. उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.
ट्रंप के निशाने पर सिर्फ कोलंबिया ही नहीं रहा है. उन्होंने मैक्सिको और क्यूबा का नाम भी लिया है. ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला पर हमला किसी एक देश के लिए चेतावनी नहीं था, लेकिन उन्होंने माना कि ड्रग कार्टेल से जुड़े देशों के खिलाफ कड़े कदम उठाने जरूरी हैं. ट्रंप के इन बयानों को लैटिन अमेरिका के लिए सीधी धमकी के तौर पर देखा जा रहा है.
सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा

अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद कई देशों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने कहा कि उनका देश वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है. कोलंबिया के राष्ट्रपति पेट्रो ने इसे लैटिन अमेरिका की संप्रभुता पर हमला बताया और कहा कि इससे मानवीय संकट पैदा हो सकता है.
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने कहा कि अमेरिका का यह कदम अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और इससे दुनिया में अस्थिरता बढ़ेगी. चिली, क्यूबा और अन्य देशों ने भी चिंता जताई है. कुल मिलाकर, मादुरो की गिरफ्तारी और ट्रंप के बयानों ने पूरे लैटिन अमेरिका को एक नए राजनीतिक संकट की ओर धकेल दिया है, जिसके असर आने वाले दिनों में और गहराने की आशंका है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
