Bangladesh IPL Ban: मुस्तफिजुर रहमान के IPL से बाहर होने के बाद BCCI और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव बढ़ गया है, जिससे बांग्लादेश में IPL प्रसारण पर रोक की चर्चा तेज हो गई है.

Bangladesh IPL Ban: भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव अब खुलकर सामने आने लगा है. इंडियन प्रीमियर लीग से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच विवाद गहराता जा रहा है. इसी कड़ी में अब बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर रोक लगाने की चर्चा तेज हो गई है. माना जा रहा है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इस पर बड़ा फैसला ले सकता है.
आसिफ नजरुल ने उठाया सवाल
दरअसल, बांग्लादेश में साल 2027 तक IPL के प्रसारण अधिकार टी स्पोर्ट्स नाम की कंपनी के पास हैं. लेकिन बांग्लादेश सरकार के एक वरिष्ठ सलाहकार आसिफ नजरुल ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि IPL का प्रसारण पूरी तरह बंद कर देना चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारत के फैसलों पर नाराजगी जाहिर की और इसे बांग्लादेश के खिलाड़ियों के साथ अन्याय बताया है. हालांकि अभी तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
इस विवाद का असर टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर भी दिख सकता है. टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश को अपने ग्रुप मैच भारत में खेलने हैं. बांग्लादेश का पहला मुकाबला वेस्टइंडीज से होना है और उसके मैच कोलकाता व मुंबई में तय हैं. लेकिन भारत न आने की धमकी के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या बांग्लादेश अपने मैच भारत में खेलेगा या वेन्यू में बदलाव होगा। इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है.
फैसले को लेकर बांग्लादेश में नाराजी

वहीं IPL की बात करें तो दिसंबर में हुए ऑक्शन के बाद सभी 10 टीमों ने अपने स्क्वाड तैयार कर लिए हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बाद में BCCI के निर्देश के अनुसार उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया है. इसी फैसले को लेकर बांग्लादेश में नाराजगी सबसे ज्यादा देखी जा रही है.
कुल मिलाकर, मुस्तफिजुर का IPL से बाहर होना सिर्फ एक खिलाड़ी का मामला नहीं रह गया है. यह अब दो क्रिकेट बोर्ड और दो देशों के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बनता जा रहा है. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि बांग्लादेश सच में IPL के प्रसारण पर रोक लगाता है या फिर दोनों बोर्ड आपसी बातचीत से इस विवाद को सुलझाने की कोशिश करते हैं.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
