उत्तराखंड सरकार लगातार प्रदेश की जनता के हितों और राज्य के विकास को लेकर काम कर रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है. अब मुख्यमंत्री प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और भी मजबूत करने के लिए आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे.
पुष्कर सिंह धामी करेंगे नितिन गडकरी से मुलाकत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और ज्यादा स्ट्रांग करने के लिए आज नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात में वे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की पैरवी को लेकर बात करेंगे और प्रदेश के विकास की चर्चा करेंगे. नितिन गडकरी के साथ होने वाली बैठक को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री के आवास पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा और मुख्यमंत्री के बीच बैठक भी हुई है.
कई मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मुलाकात में प्रदेश के कई मार्गों के निर्माण को लेकर प्रस्ताव रखेंगे. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से होने वाली इस बैठक में ऋषिकेश बाईपास, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग, अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग और अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट जैसे मार्गों के निर्माण के साथ में और भी कई जरूरी मामलों का प्रस्ताव रखा जाएगा.
सड़क नेटवर्क होगा मजबूत- सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद में प्रदेश में सड़क नेटवर्क और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगा. जिससे यातायात व्यवस्था आसान हो जाएगी और पहाड़ी क्षेत्रों को मेनस्ट्रीम से जोड़ने में काफी ज्यादा मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में बेहतर कनेक्टविटी होने से चारधाम यात्रा, व्यापार और पर्यटनों के साथ में स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी तजी आएगी.
इन परियोजनाओं का रखा जाएगा प्रस्ताव
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के साथ होने वाली बैठक में उत्तराखंड क मुख्यमंत्री कई परियोजनाओं का प्रस्ताव रखेंगे. इन परियोजनाओं में कुछ मुख्य परियोजनाएं ये हैं-
ऋषिकेश बाईपास परियोजना- नेशनल हाईवे 07 में आने वाला तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्त्रोत तक जाने वाला 12.67 किमी में चार लेन बाईपास के निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा. इस निर्माण की लागत में लगभग 1161.27 करोड़ रुपए की अंदाज लगाई जा रही है. इस परियोजना के निर्माण के अंतर्गत 4.876 किमी की लंबाई में 3 हाथी कॉरीडोर के लिए एलिवेटेड मार्ग और चन्द्रभागा नदी के ऊपर 200 मीटर की लंबाई का पुल और रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर की लंबाई का ROB प्रस्तावित है. इसके अलावा श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर लगभग 318 करोड़ रुपए की लागत से एक 76 मीटर का ROB भी प्रस्तावित किया जाएगा.
अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग- इस प्रस्ताव में नेशनल हाईवे 309B के 76 किमी की लंबाई वाले हिस्से को लेकर बात की जाएगी. इस परियोजना की लागत लगभग 988 करोड़ रुपए मानी जा रही है. इस परियोजना के अंतर्गत दो लेन के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा जाएगा.
ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से होने वाली मुलाकात में ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण-कर्णप्रयाग मार्ग का प्रस्ताव रखा जाएगा. नेशनल हाईवे 109 के अंतर्गत लगभग 235 किमी की लंबाई में दो लेन के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा जाएगा.
अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग- नेशनल हाईवे 309A के अंतर्गत आने वाले पैकैज 1,2 और 5 में टोटल 84.04 किमी की लंबाई के प्रस्ताव रखे जाएंगे. इसकी अनुमानित लागत लगभग 1001.99 करोड़ रुपए मानी जा रही है. पैकेज-2 में काण्डा से बागेश्वर खंड के लिए वनभूमि ट्रांसफर के प्रस्ताव पर भारत सरकार की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है.
