प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मूसलाधार बारिश के बीच एक भयानक त्रासदी की खबर सामने आई है. नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगभग एक सदी पुराना जर्जर मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 7 लोग मलबे में दफन हो गए, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही सांसें थम गईं.
ठंडक के चक्कर में एक ही कमरे में था परिवार
स्थानीय निवासियों के अनुसार, भीषण गर्मी और उमस के कारण परिवार के सभी सदस्य एयर कंडीशनर (AC) वाले कमरे में एक साथ सो रहे थे. देर रात बारिश के दौरान जर्जर मकान की जर्जर छत और दीवारें अचानक ढह गईं। हादसा इतना अचानक हुआ कि सो रहे सदस्यों को बाहर निकलने का ज़रा सा भी मौका नहीं मिला
एक ही झटके में उजड़ गई तीन पीढ़ियां
मलबे की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों और पुलिस की टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से निकाले गए लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में बुजुर्ग माता-पिता,उनका बेटा और बहू और दो मासूम पोते-पोतियां शामिल हैं. परिवार का केवल एक सदस्य इस हादसे में जीवित बचा है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में इलाज चल रहा है.
इलाके में पसरा सन्नाटा, प्रशासन अलर्ट
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा कराया। 100 साल पुरानी इमारत के ढहने और 6 जिंदगियों के एक साथ खत्म होने से पूरे महुली मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय प्रशासन मामले में आगे की आवश्यक कानूनी व राहत कार्रवाई कर रहा है।
