Atiq Ahmed youngest son death: अतीक अहमद के सबसे छोटे और पांचवें बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलकर वापस लौट रहा था. झांसी से वापस प्रयागराज लौटते समय उसकी कार डिवाइडर से जा टकराई. इस टक्कर में उसकी मौत हो गई. इससे पहले अतीक अहमद के एक और बेटे असद का एनकाउंटर भी झांसी में ही हुआ था.
आबान अहमद समेत 2 लोगों की मौत, 3 घायल
इस हादसे में दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. वहीं तीन लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा और पांचवा बेटा आबान अहमद भी शामिल है. घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली की है. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची. इस हादसे में अतीक अहमद के बेटे समेत दो लोगों की मौत हो गई है.
जेल में बंद भाई से मिलने आया था अबान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ कार में सवार होकर झांसी आया था. वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने के लिए गया था. जेल में मुलाकात पूरी होने के बाद, जब वह सभी वापस लौट रहे थे, तभी पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.
पुलिस जांच और सुरक्षा के इंतजाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
अतीक अहमद के पांच बेटे
अतीक के पांच बेटे है जिसमें सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, अली अहमद झांसी जेल में बंद है, तीसरा बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है. चौथा अहजम बाहर है. पांचवें नंबर के बेटे अबान की आज एक्सीडेंट में मौत हो गई.
