Atiq Ahmed son Abaan funeral: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे 21 वर्षीय अबान अहमद को आज (शनिवार) प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित पारिवारिक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में अतीक अहमद, उनके भाई अशरफ, पिता फिरोज और भाई असद की मजारें मौजूद हैं. परिजनों ने अबान के शव को फिलहाल डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा है और अंतिम संस्कार आज रात करीब 8 बजे किया जाएगा. सड़क हादसे में अपने छोटे भाई को खोने वाले दोनों बड़े भाइयों, उमर और अली अहमद को इलाहाबाद हाईकोर्ट से सशर्त कस्टडी पैरोल मिल गई है.
जेल से सीधे कब्रिस्तान
लखनऊ जेल में बंद उमर (जिसने जुलाई 2022 में सीबीआई कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था) सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज के लिए रवाना हुआ. झांसी जेल में बंद अली अहमद भी पुलिस कस्टडी में सीधे कब्रिस्तान पहुंचेगा. लगभग चार साल बाद दोनों भाई जेल से बाहर आ रहे हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कस्टडी के दौरान उन्हें अपनी बुआ, छोटे भाई अहजम और वकील से सिर्फ 1 घंटे मिलने की अनुमति दी गई है. छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही झांसी जेल में बंद अली पूरी रात बिलखता रहा. जानकारी के मुताबिक उसने खाना भी नहीं खाया.
फरार मां शाइस्ता परवीन पर टिकीं निगाहें
उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही 50 हजार रुपये की इनामी और फरार चल रही अतीक अहमद की पत्नी और अबान की मां शाइस्ता परवीन पर पुलिस-प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई हैं. अतीक अहमद, अशरफ और बेटे असद की मौत के समय भी शाइस्ता सामने नहीं आई थी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपने सबसे छोटे बेटे को अंतिम विदाई देने के लिए कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंचेगी या नहीं.
कैसे हुआ था हादसा?
गुरुवार सुबह अबान अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार से झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था. रास्ते में अचानक किसी मवेशी को बचाने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में अबान और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए.
