Etawah Double Murder: उत्तर प्रदेश के इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के चन्देठी गांव में घर के अंदर मां और उनकी शादीशुदा बेटी का शव मिला है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. दोनों की घर के अंदर ही बेरहमी से हत्या की गई है. दो हत्याओं की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. यह घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है और घर दो दिन से बंद होने की वजह से शवों से दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई.
विवाहित बेटी के साथ घर पर अकेली थी मां
जानकारी के अनुसार, मृतका मां अपनी विवाहित बेटी के साथ घर पर अकेली थी. घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. इसी का फायदा उठाकर रंजिश रखने वालों ने वारदात को अंजाम दिया. जब पड़ोसियों और ग्रामीणों को घटना की भनक लगी, तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. इस मामले में प्राथमिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बेटी के ससुराल वालों से चल रहा विवाद सामने आया है.मृतका की पहचान पुष्पा यादव देवी और उनकी बेटी मंजू देवी उर्फ निर्मला के रूप में हुई है.
ससुराल पक्ष पर संगीन आरोप
बताया जा रहा है कि बेटी का अपने ससुराल पक्ष के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश की वजह से बेटी के ससुराल वालों पर ही मां और बेटी की दोहरी हत्या का आरोप लगाया है. डबल मर्डर की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस और जिले के उच्च प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में पारिवारिक और ससुराल पक्ष से जुड़ा विवाद ही मुख्य कारण नजर आ रहा है. पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.गांव वालों का कहना है कि एक युवक लाल रंग की स्कूटी से अक्सर मां-बेटी के घर आता-जाता था. अब इस युवक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच में पुलिस जुट गई है.पुलिस को मौके पर पुष्पा की चारपाई पर एक दरांती भी रखी मिली. ऐसे में प्रथम दृष्टया हत्या में इसी धारदार हथियार का इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
