कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने JSSC-CGL और TDPL की सभी परीक्षाएं रद्द होने पर खुशी जताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. राहुल गांधी ने इसे छात्रों की जीत बताया और CM सोरेन के बातचीत के रास्ते को सराहा. उन्होंने कहा यही सही तरीका है
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को देर रात झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन-कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (JSSC-CGL) परीक्षा और निजी एजेंसी TDPL की ओर से कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द करने का ऐलान किया था. सरकार के इस फैसले के बाद रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में खुशी का माहौल बन गया. अब इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बयान सामने आया है. उन्होंने छात्रों के अनशन खत्म करने पर खुशी जाहिर की है.
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि झारखंड के छात्रों और राज्य सरकार के बीच सहमति बनी और छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी. यह खबर सुनकर खुशी हुई. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार ने बातचीत का रास्ता चुना और समाधान निकाला. उन्होंने कहा कि छात्रों ने संयम रखा और अपनी बात मनवाई, यही सही तरीका है.
छात्रों को आगे बढ़ाएंगे
इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि हम देश के सभी छात्रों के साथ खड़े हैं और इस वसूली तंत्र को जड़ से बदलकर रहेंगे, जिससे हर छात्र को उसकी मेहनत का पूरा फल मिले. उन्होंने कहा कि पूरे देश में ये सिस्टम बदलेगा और अब ऐसी व्यवस्था बनेगी जो छात्रों को आगे बढ़ाएगी.
