आम आदमी पार्टी के MLA कुलदीप सिंह धालीवाल ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाक़ात की. इस दौरान उन्होंने डैम का निर्माण कार्य पूरा कराने को लेकर अनुरोध किया जिससे बाढ़ रुक सके.
अजनला से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने राज्यपाल गुलाब से मुलाक़ात की. वे हर साल आने वाली भयानक बाढ़ से इलाके को बचाने और इलाके के स्थाई विकास के लिए एक प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिले. प्रतिनिधिमंडल में अजनाला विधानसभा क्षेत्र के सरपंच, चेयरमैन और जिला परिषद सदस्य खास तौर पर मौजूद थे.
हर साल डूबता इलाका
मुलाक़ात के बाद विधायक धालीवाल ने कहा कि उन्होंने अजनाला के लोगों का दर्द राज्यपाल तक पहुंचाया है. हर साल रावी और उज नदियों के पानी की वजह से उनका इलाका पूरी तरह से बाढ़ में डूब जाता है. उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर से आने वाली उज नदी का पानी पठानकोट, सुजानपुर, दीनानगर, गुरदासपुर और डेरा बाबा नानक से होकर आखिर में अजनाला में भारी तबाही मचाता है और उसके बाद पाकिस्तान चला जाता है.
पेंडिंग डैम की ओर दिलाया ध्यान
मुलाक़ात के दौरान विधायक ने राज्यपाल का ध्यान केंद्र सरकार की उज नदी पर डैम बनाने की योजना की ओर भी दिलाया. यह पिछले 10-12 सालों से पेंडिंग है. उन्होंने इस दौरान राज्यपाल से अपील की कि वे इस मुद्दे को प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सामने ज़ोरदार तरीके से उठाए, जिससे डैम का कंस्ट्रक्शन जल्द से जल्द पूरा हो सके. उन्होंने बताया कि इस डैम के बनने से बाढ़ कंट्रोल होगी, बिजली बनेगी, सिंचाई के लिए नहरें खोदी जाएंगी और युवाओं को भी रोज़गार मिलेगा.
मुआवजे को लेकर भी की मांग
जानकारी के मुताबिक उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार विकसित भारत का सपना पूरा करना चाहती है, तो उसे बड़े शहरों के साथ-साथ बॉर्डर एरिया के विकास पर भी ध्यान देना होगा. उनके मुताबिक अगर बॉर्डर एरिया इसी तरह नज़रअंदाज़ रहे, तो देश का डेवलपमेंट अधूरा रह जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने पिछली बार प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1600 करोड़ रुपये का मुआवज़ा न मिलने का भी मुद्दा उठाया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही प्रतिनिधिमंडल को साथ लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मिलने का समय तय करेंगे और इस समस्या का समाधान करवाएंगे.
