मेरठ में BIS ने बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान एक यूनिट से 15 लाख रूपये के अवैध गैस स्टोव, प्रेशर कुकर और कुकिंग यूटेंसिल को जब्त किया गया है. आरोप है कि बिना वैध BIS लाइसेंस और ISI मार्क के बनाए जा रहे थे.
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने मेरठ के दौराला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को मानक के हिसाब से प्रोडक्ट मुहैया कराने के मकसद से की गई है. BIS के गाजियाबाद शाखा कार्यालय की टीम ने गुलहेड़ा चौहान गांव में एक इकाई पर छापा मारा. इस दौरान लगभग 1,795 गैस स्टोव, प्रेशर कुकर और कुकिंग यूटेंसिल जब्त किए गए हैं. जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है.
बरामद सामग्री को कब्जे में लिया
जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी BIS को मिली सूचना के आधार पर थाना पल्लवपुरम क्षेत्र में की गई है. तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में ऐसे प्रोडक्ट मिले, जिनका निर्माण किया जा रहा था. अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान मौके से बरामद हुई सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है. आगे की जांच और कार्रवाई के लिए इन्हें सुरक्षित रखा गया है.
बड़ी संख्या में सामग्री बरामद
BIS की इस छापेमारी में लगभग 700 घरेलू गैस स्टोव की बॉडी, 270 तैयार गैस स्टोव, 25 घरेलू प्रेशर कुकर और लगभग 800 कढ़ाई-ढोंगा सेट बरामद किए गए हैं. जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि परिसर में लगातार इन प्रोडक्ट का निर्माण किया जा रहा था. BIS के मुताबिक संबंधित प्रोडक्ट प्रमाणन व्यवस्था के दायरे में आते हैं. ऐसे उत्पादों के निर्माण-बिक्री के लिए निर्धारित मानकों का पालन करना जरूरी है.
जब्त सामग्री के आधार पर होगी कार्रवाई
BIS के मुताबिक अगर जरूरी प्रमाणन के दायरे में आने वाले प्रोडक्ट का निर्माण बिना वैध BIS लाइसेंस के होता है तो यह BIS अधिनियम-2016 और संबंधित क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर का उल्लंघन है. जब्त सामग्री के आधार पर अब आगे की कार्रवाई की जाएगी.
